Publish Date: Tue, 23 Jul 2019 (10:19 IST)
Updated Date: Tue, 23 Jul 2019 (10:21 IST)
खूंटी। झारखंड में खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र के हेटगोवा गांव में अपराधियों ने भाजपा नेता मागो मुंडू तथा उनकी पत्नी और पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी तथा एक अन्य महिला को घायल कर दिया।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि कल रात कुछ अपराधियों ने भाजपा नेता और 20 सूत्री के प्रखंड उपाध्यक्ष मांगो मुंडू के घर धावा बोला। इसके बाद अपराधियों ने मागो मुंडू (55), पत्नी लखमनी मुंडू (45) तथा पुत्र लिपराय मुंडू (25) को घर से बाहर निकालकर गोली मार दी।
इस घटना में मागो मुंडू और लिपराय मुंडू की मौके पर ही मौत हो गई। गोलियों की आवाज सुनकर अपने घर से बाहर निकली एक अन्य महिला नौरी मुंडू को भी अपराधियों ने गोली मारकर घायल कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि घायल लखमनी मुंडू को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। नौरी मुंडु को इलाज के लिए रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भर्ती कराया गया है। पुलिस के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रहे हैं। (वार्ता)
webdunia
Publish Date: Tue, 23 Jul 2019 (10:19 IST)
Updated Date: Tue, 23 Jul 2019 (10:21 IST)