Publish Date: Friday, 30 January 2026 (17:42 IST)
Updated Date: Friday, 30 January 2026 (01:44 IST)
पटना। बिहार के मधुबनी में स्थित नरुवर गांव बाढ़ की वजह से पूरी तरह बर्बाद हो गया। भारी बारिश की वजह से कई घर पानी में बह गए और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेना पड़ी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए 45 सेकंड के एक वीडियो में बाढ़ से तबाही का मंजर साफ नजर आ रहा है। वीडियो में कई घर पानी में ढहे दिखाई दे रहे हैं। यहां बारिश और बाढ़ की वजह से लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्तव्यस्त हो गया।
असम में मरने वालों की संख्या 68 हुई : असम में मंगलवार को दो और व्यक्तियों की मौत के साथ मरने वालों की संख्या 68 तक पहुंचने के बीच बाढ़ की स्थिति भयावह बनी हुई है और 19 जिलों में 28.01 लाख लोग उससे प्रभावित हुए हैं।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार वैसे विश्वनाथ और कारबी आंगलोंग जिलों में पानी घटा है लेकिन लखीमपुर और बक्सा में फिर बाढ़ का प्रकोप शुरू हो गया है। प्राधिकरण के बुलेटिन के अनुसार मोरीगांव और गोलाघाट जिलों में सोमवार से दो व्यक्तियों की जान चली गई।
बुलेटिन के अनुसार गोलाघाट जिले के काजीरंगा नेशनल पार्क में 13 जुलाई से मरने वाले जानवरों की संख्या बढ़कर 204 हो गई है, जिनमें 15 गैंडे हैं।
उल्लेखनीय है कि बिहार और असम में बाढ़ की स्थिति अब भी भयावह बनी हुई है। दोनों पूर्वी राज्यों में बाढ़ से करीब 1.11 करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं और मरने वालों की संख्या बढ़कर 160 से ज्यादा हो गई।