Publish Date: Tue, 03 Oct 2017 (11:19 IST)
Updated Date: Tue, 03 Oct 2017 (11:22 IST)
कासरगोड। भारतीय जनता पार्टी के तीन कार्यकर्ताओं पर कासरगोड जिले के नीलेश्वरम में माकपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार रात हमला किया। पुलिस ने यह जानकारी दी। भगवा पार्टी आज से ‘जन रक्षा यात्रा’ शुरू करेगी, इससे एक रात पहले ही यह हमला हुआ।
यह हमला सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे तब हुआ जब भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रीय राजमार्ग-66 के एक हिस्से की 15 दिवसीय मार्च के लिए सजावट कर रहे थे। इस मार्च की शुरुआत भाजपा प्रमुख अमित शाह करेंगे।
पुलिस ने बताया कि भाजपा के तीन घायल कार्यकर्ताओं का इलाज नीलेश्वरम के एक निजी अस्पताल में हो रहा है। इस घटना के संबंध में अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
भाजपा के कासरगोड जिला सचिव श्रीकांत ने आरोप लगाया कि करीब 20 माकपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर नीलेश्वरम बाजार में बिना किसी उकसावे के हमला कर दिया। तब भाजपा कार्यकर्ता सड़क की सजावट कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इस हमले में फ्लेक्स बोर्ड, ट्यूब लाइट और दो पहिया एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
सचिव ने आरोप लगाया कि राज्य में भाजपा के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव को माकपा कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं कर पा रहे और इस तरह के हमलों में अंजाम दे रहे हैं।
श्रीकांत ने बताया कि करीब 15,000 भाजपा कार्यकर्ताओं के इस मार्च में हिस्सा लेने की संभावना है। (भाषा)