Publish Date: Thu, 26 Feb 2015 (18:50 IST)
Updated Date: Thu, 26 Feb 2015 (18:53 IST)
नई दिल्ली। रेल कर्मचारियों के प्रशिक्षण पर जोर देते हुए रेलवे ने गुरुवार को अपने कर्मचारियों को योग का प्रशिक्षण मुहैया कराए जाने की घोषणा की।
रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने लोकसभा में वर्ष 2015-16 के अपने रेल बजट भाषण में कहा कि जनता का पहला संपर्क हमारे फ्रंटलाइन कर्मचारियों से पड़ता है। हम इन कर्मचारियों के लिए व्यवहार कुशलता संबंधी विशेष प्रशिक्षण मॉड्यूल शुरू करना चाहते हैं ताकि हमारे ग्राहक सम्मानित महसूस करें।
उन्होंने बताया कि अपने कर्मचारियों को, विशेष रूप से रेल सुरक्षा बल के कर्मचारियों को योग में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रभु ने रेल कर्मचारियों को दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं में भी सुधार लाने की घोषणा की और साथ ही कहा कि हमने अपने कर्मचारियों को मनोरंजन की सुविधा को बढ़ाने के लिए शुरुआत में 4 अवकाश गृहों को उन्नत बनाने का फैसला किया है। (भाषा)