khatu shyam baba

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

भाजपा के निशाने पर भगवंत मान, कहा-आप ने घोषित की अपनी शराब नीति

Advertiesment
Punjab election
नई दिल्ली। भाजपा ने संगरूर के सांसद भगवंत मान को आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने पर आम आदमी पार्टी को आड़े हाथों लिया। पार्टी ने कहा कि इस घोषणा के साथ ही राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी ने अपनी शराब नीति भी घोषित कर दी।
 
भाजपा महासचिव तरुण चुग ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में कहा कि मुख्यमंत्री का फैसला जनता अपने मतों से करती है ना कि मिस्ड कॉल्स से।
 
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के नाम की घोषणा के साथ ही आम आदमी पार्टी ने अपनी शराब नीति भी घोषित कर दी। जो पंजाब नशे से लड़ रहा है, उसे यह पार्टी नशे की तरफ धकेलना चाहती है।
 
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को घोषणा की कि पंजाब विधानसभा चुनाव में भगवंत मान पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।
webdunia
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पद का चेहरा चुनने के लिए आप ने मिस्ड कॉल्स के जरिए ‘‘जनता चुनेगी अपना सीएम’’ नामक अभियान चलाया था।
 
चुग ने कहा कि पंजाब की जनता तय करेगी कि नायक किसे बनाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस व्यक्ति के खिलाफ उसी की पार्टी के दूसरे सहयोगी ने लिखित दरख्वास्त दी थी कि उसके साथ बैठना मुश्किल है, क्योंकि उसके मुंह से शराब की बदबू आती है.... ऐसे लोग पंजाब का क्या करेंगे यह जनता बखूबी जानती है और अपने वोटों से वह इसका जवाब देगी।
 
मान संगरूर से दो बार के लोकसभा सांसद और पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख है। पंजाब में चुनाव लड़ने वाले प्रमुख दलों में ‘आप’ एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसने अपने मुख्यमंत्री पद के चेहरे की घोषणा की है।
 
गौरतलब है कि पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा के लिए 20 फरवरी को मतदान होना है और मतगणना 10 मार्च को की जाएगी।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

कॉमेडियन से आप के CM फेस तक, भगवंत मान से जुड़े 5 विवाद