Publish Date: Friday, 30 January 2026 (17:42 IST)
Updated Date: Friday, 30 January 2026 (01:44 IST)
भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि को गोगा पंचमी का त्योहार मनाया जाता है। इस वर्ष यह त्योहार 20 अगस्त 2019, मंगलवार को मनाया जा रहा है। इस दिन गोगादेव और नागदेवता की पूजा की जाती है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार गोगादेव सर्पदंश से हमारे जीवन की रक्षा करते हैं। जनमानस में प्रचलित मान्यता के कारण इस दिन गोगादेव और नागदेवता की पूजा विशेष तौर पर की जाती है।
इस दिन गोगादेव और नागदेवता पर दूध अर्पित करना चाहिए।
दीवार को साफ-सुथरी करके गेरू से पोतकर दूध में कोयला मिलाकर चौकोर चौक बनाया जाता है।
उसके ऊपर 5 सर्प बनाते हैं।
उसके बाद कच्चा दूध, पानी, रोली व चावल अर्पित किए जाते हैं तथा बाजरा, आटा, घी और शकर मिलाकर प्रसाद चढ़ाया जाता है।
इस त्योहार की यह मान्यता है कि गोगादेव बच्चों के जीवन की रक्षा करते हैं अत: माताएं अपनी संतान की लंबी उम्र के लिए गोगादेव की पूजा करती हैं तथा बच्चों के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हैं।
इस दिन अगर नि:संतान महिलाएं गोगादेव का पूजन करें तो उनकी गोद भी जल्दी ही संतान सुख से भर जाती है।
गोगा पंचमी के 4 दिन पश्चात ही भाद्रपद कृष्ण नवमी को गोगा नवमी का त्योहार मनाया जाता है।
इस दिन गोगा जहार वीर की पूजा के साथ में नाग देवता की भी विधिवत अर्चना करनी चाहिए।