Publish Date: Mon, 16 Oct 2017 (11:44 IST)
Updated Date: Mon, 16 Oct 2017 (11:48 IST)
मुंबई। पूर्व वित्तमंत्री यशवंत सिन्हा ने रविवार को एक बार फिर मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों पर अपना निशाना साधा और राजशक्ति पर अंकुश के लिए लोकशक्ति का आह्वान किया।
विदर्भ के अकोला में किसानों के गैरसरकारी संगठन 'शेतकारी जगर मंच' द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने जीएसटी और नोटबंदी को लेकर भी केंद्र सरकार को निशाना बनाया। जयप्रकाश का उल्लेख करते हुए सिन्हा ने लोकशक्ति आंदोलन की अपील की, जो कि राजसत्ता पर नियंत्रण रखेगी।
उन्होंने कहा कि हम यह लोकशक्ति पहल अकोला से शुरू करें। हम पहले से मंदी का सामना कर रहे हैं और आंकड़ों का क्या? आंकड़े एक चीज साबित कर सकते हैं तो उसी आंकड़े से दूसरी चीज भी साबित की जा सकती है।
मोदी पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता ने कहा कि हमारी सरकार के मुखिया ने हाल ही में 1 घंटे के भाषण में भारत की प्रगति दिखाने के लिए आंकड़ों का हवाला दिया और कहा कि इतनी सारी कारें और मोटरसाइकलें बिकीं। उन्होंने कहा कि क्या इसका मतलब देश प्रगति कर रहा है? बिक्री तो हुई लेकिन क्या कोई उत्पादन हुआ? (भाषा)