बिहार में कुछ तो गड़बड़ है, लालू की बेटी रोहिणी ने साधा नीतीश पर निशाना
लोकसभा चुनाव 2024 से पहले जदयूू राजद गठबंधन टूटने की अटकलें
Publish Date: Thu, 25 Jan 2024 (13:55 IST)
Updated Date: Thu, 25 Jan 2024 (14:18 IST)
Lalu daughter Rohini targets Nitish: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) की एनडीए (NDA) से बढ़ती नजदीकियों की खबरों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य (Rohini Acharya) ने 'सुशासन बाबू' पर परोक्ष रूप से निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा- समाजवादी पुरोधा होने का करता वही दावा है, हवाओं की तरह बदलती जिनकी विचारधारा है।
राहुल की यात्रा में शामिल नहीं होंगे नीतीश : इस बीच, यह भी खबर है कि नीतीश कुमार कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल नहीं होंगे। इन सब बातों से ऐसा लग रहा है कि बिहार में कुछ तो गड़बड़ है। बिहार के दिवंगत मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने के फैसले के बाद नीतीश के एनडीए से जुड़ने की अटकलों को और बल मिल रहा है। हालांकि इस मामले में नीतीश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज भी किया है।
रोहिणी ने एक बाद एक कई पोस्ट की हैं। उन्होंने लिखा- खीज जताए क्या होगा जब हुआ न कोई अपना योग्य,
विधि का विधान कौन टाले जब खुद की नीयत में ही हो खोट। अक्सर कुछ लोग नहीं देख पाते हैं अपनी कमियां,
लेकिन किसी दूसरे पे कीचड़ उछालने को करते रहते हैं बदतमीजियां। हालांकि बाद में रोहिणी ने नीतीश पर तंज करने वाले सभी ट्वीट डिलीट कर दिए।
...और एक्स पर यूजर्स के पोस्ट : रोहिणी के ट्वीट्स के जवाब में एक्स पर यूजर्स ने काफी तीखे पोस्ट किए। निशांत ने लिखा- भ्रष्टाचार मे जिसने नही छोड़ा जानवरों का चारा, परिवारवाद की राजनीति का प्रतीक है वो परिवार सारा। विशाल ज्योति देव अग्रवाल ने लिखा- लगता है मामला बिगड़ गया है बिहार में! इस बार नीतीश कुमार सांसदों और विधायकों के दबाव में दिख रहे हैं! प्रशांत किशोर जो बीज बो गया था जदयू में, उसमें अंकुर फूटने लगा है अब!
यादवेन्द्र ने लिखा कि बिहार में खेला हो गया है? ऐसा लग रहा है! सेवक हितेन्द्र ने लिखा- दीदी, अब परिवारवाद को देश नकार रहा है। आप इसी बात की खीझ उतार रहे हो। कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न के बाद अब बिहार में परिवारवाद का स्थान नहीं है। गौरव गुप्ता ने लिखा- बिहार की जनता गरीब ही गरीब, और गरीब के झूठे मसीहा लालू यादव अरबों रुपए डकार गए।
उल्लेखनीय है कि रोहिणी आचार्य ने ही पिता लालू यादव को किडनी दी थी।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala