Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

600 सेकंड, 8 लुटेरे और 25 करोड़ की डकैती, क्‍या है तनिष्‍क शोरूम में लूट की सनसनीखेज कहानी?

Advertiesment
हमें फॉलो करें Tanishq showroom

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, गुरुवार, 13 मार्च 2025 (13:50 IST)
देश में अब तक की किसी भी ज्‍वेलरी शोरूम से सबसे बड़ी डकैती की घटना सामने आई है। बिहार के आरा में डकैतों ने तनिष्‍क शोरूम में चोरी की घटना को अंजाम दिया। 9 मिनट में यानी करीब 600 सेकंड में बदमाशों ने ऐसा तांडव मचाया कि हर कोई दहशत में आ गया। सिर्फ 9 मिनट में 25 करोड़ रुपए के गहनों की की लूट कर अपराधी फरार हो गए। जानते हैं इस लूट की पूरी कहानी...

बदमाशों ने शोरूम में मौजूद लोगों और सेल्समैन को बंदूक की नोक पर धमकाया और उन्हें एक कोने में ले जाकर खड़ा किया। इसके अलावा, बदमाशों ने शोरूम के सुरक्षाकर्मी से उनके हथियार छीन लिए और उन्हें घुटनों के बल बैठाकर बंधक बना  दिया था।

क्‍या है डकैती की पूरी कहानी : बिहार के आरा शहर में टाटा कंपनी का तनिष्क ज्वेलरी शोरूम है। दो मंजिला इस शोरूम में तनिष्क के कुल 25 कर्मचारी काम करते हैं। शादी का सीजन चल रहा है, ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि शोरूम में करीब 50 करोड़ रुपए के जेवरात थे। सोमवार सुबह रोजाना की तरह ठीक 10 बजे शोरूम खुला और सफाई की गई। तब तक ज्‍यादातर कर्मचारी शोरूम पहुंच गए। सुबह के करीब साढे 10 बजे शोरूम में पहले दो ग्राहक दाखिल होते हैं। इस शोरूम में सुरक्षा की वजह से एक साथ एक ही ग्रुप के 6 लोगों को एंट्री नहीं दी जाती है।

ऐसे दाखिल हुए शोरूम में : पहले दो ग्राहक के अंदर दाखिल होते ही उसके पीछे पीछे तीन और ग्राहक शोरूम में दाखिल होते हैं। यानि कुल 5 लोग अंदर आते हैं। असल में ये ग्राहक नहीं लुटेरे थे। इनमें से एक ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। दूसरे ने हेलमेट के अंदर चेहरा छुपा रखा था। जबकि बाकी तीन बेखौफ, बिना चेहरा छुपाए, हाथ में तमंचा लिए शोरूम में घूम रहे थे। शोरूम में घुसते ही सबसे पहले एक लुटेरे ने दरवाजे पर खड़े बंदूकधारी गार्ड की पिटाई की और उसका बंदूक भी छीन लिया। अंदर जितने भी कर्मचारी थे, सभी को दोनों हाथ ऊपर उठाने के लिए कहा गया। हाथ उठाने वालों में वो गार्ड भी था, जिससे बंदूक छीनी गई थी।
webdunia

ऐसे जमा की सारी ज्‍वेलरी : गार्ड दरवाजे की तरफ बढ़कर बाहर निकलकर लोगों से मदद मांगना चाहता था। लेकिन तभी एक लुटेरे की नजर उस पर पड़ जाती है। वो जोर से दूसरे लुटेरे से कुछ कहता है। दो लुटेरे तुरंत लपककर उसके पास जाते हैं। इसके बाद उसकी पिटाई शुरु कर देते हैं, फिर उस शख्स को भी उस तरफ ले जाते हैं, जिधर बाकी के स्टाफ दोनों हाथ उठाए खडे थे। लुटेरों में से एक बाकायदा थैला लिए है। उस थैले के अंदर भी कई थैले हैं। अब एक एक कर वो थैले बाकी साथियों को देता है। एक लुटेरा तमाम स्टाफ को पिस्टल के नोक पर संभाले था। बाकी के चार शोरूम से जेवर उठा उठा कर थैलों में भरते जा रहे थे। बीच में लुटेरे बराबर के कमरे की तरफ भी जाते दिखाई देते हैं। दरअसल दूसरी तरफ भी शोरूम का ही एक हिस्सा है।

महिला ने दिखाई बहादुरी : हालांकि इस दौरान एक महिला कर्मी ने बहादुरी दिखाई। जब लुटेरे शोरूम में घुस आए, तो इस महिला कर्मी ने अपनी जान जोखिम में डालकर गहनों को छुपाने की कोशिश की। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि महिला कर्मी गहनों को छुपाते हुए अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए काम कर रही है। यह एक ऐसा समय था जब अधिकांश लोग डरे हुए थे, लेकिन इस महिला कर्मी ने अपने साहस और जिम्मेदारी का परिचय दिया।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच के लिए शोरूम को सील कर दिया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसकी मदद से पुलिस अपराधियों की पहचान कर रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान करने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Edited By: Navin Rangiyal

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

ट्रम्प के टैरिफ से क्यों डरे भारत? 2 अप्रैल बाद भारत की अर्थव्यवस्था पर क्या असर होगा