Biodata Maker

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

Weather Update: दिल्ली, UP, पंजाब सहित इन राज्यों में अगले 3 दिनों तक छाया रहेगा घना कोहरा, IMD ने जारी किया अलर्ट

Advertiesment
हमें फॉलो करें Weather Alert
, मंगलवार, 27 दिसंबर 2022 (00:13 IST)
नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में सर्दी और कोहरा कोहराम मचा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कहा कि उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान में अगले 48 घंटे तक घने से बेहद घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटे में घने से बेहद घना कोहरा छाया रह सकता है। मौसम विभाग ने कोहरे की एडवायजरी भी जारी है।

विभाग ने कहा कि यात्रा करते समय विमान, ट्रेन और बसों का टाइम पता करने के बाद ही घर से निकलें। गाड़ी चलाते वक्त फॉग लाइट का प्रयोग करें। अपने साथ पानी, दवाएं लेकर ही जाएं।
   
यहां छाया रहेगा कोहरा : मौसम विभाग की ओर से जारी एडवायजरी में बताया गया कि पहले दिन उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तरी राजस्थान के कुछ इलाकों में घने से बेहद घना कोहरा छाया रहेगा जबकि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और ओडिसा के कुछ तटीय इलाकों में घना कोहरा छाएगा।

दूसरे दिन उत्तर-पूर्वी राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, ओडिसा के तटीय इलाकों, असम, मेघालय, नागालैंड और मणिपुर में घना कोहरा छाएगा। तीसरे दिन, पंजाब के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाएगा। चौथे दिन और 5वें दिन पंजाब के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा।
Weather Alert
ट्रेनों पर असर : देश के उत्तर और उत्तर पश्चिम के कुछ हिस्सों में सोमवार को कहीं घने और कहीं बहुत घने कोहरे की चादर छायी रही तथा दृश्यता घटने के कारण इन क्षेत्रों में ट्रेनों के आवागमन में भी देरी हुई। कई कस्बों और शहरों में तापमान में गिरावट के साथ क्षेत्र में भीषण शीत लहर चली।

दिल्ली में घने कोहरे के कारण कुछ इलाकों में दृश्यता घटकर 50 मीटर रह गई, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि 10 ट्रेन 1.45 से 3.30 घंटे तक की देरी से चल रही है।
 
पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड : पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा दर्ज किया गया, जिसमें 2.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ नारनौल सबसे ठंडा इलाका रहा। हरियाणा के हिसार में कड़ाके की ठंड दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। अंबाला में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 6.8 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 6.6 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 5.5 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
राजस्थान में माइनस में पारा : कड़ाके की सर्दी से राजस्थान के अनेक इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है जहां बीती रविवार रात सीकर के फतेहपुर में पारा शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। शीतलहर व घने कोहरे से अनेक इलाकों में आम जनजीवन व यातायात प्रभावित हुआ है।
 
राज्य के अनेक जिले इन दिनों कड़ाके की सर्दी की चपेट में हैं। शीतलहर के साथ-साथ घने कुहरे ने लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। मौसम विभाग के अनुसार बीती रात सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि चूरू में शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
 
इसी तरह न्यूनतम तापमान पिलानी मे 0.2 डिग्री, करौली में 0.5 डिग्री, सीकर में एक डिग्री, बीकानेर में 2.4 डिग्री, भीलवाड़ा में 2.7 डिग्री सेल्सियस, नागौर में तीन डिग्री, संगरिया में 4.4 डिग्री, सिरोही में 4.7 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 4.7 डिग्री, बूंदी में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
इस दौरान शीतलहर के साथ-साथ गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर व चूरु जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा भी दर्ज किया गया है। सबसे कम अधिकतम तापमान संगरिया, हनुमानगढ़ में 9.6 जबकि गंगानगर में 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
 
बारिश की संभावना : मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में अगले 24 घंटे में भी घना कोहरा व पाला पड़ने का अनुमान है। हालांकि 28 दिसंबर से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। विभाग के मुताबिक, 28 दिसंबर से राज्य में घने कोहरे में भी कमी आने की संभावना है। वहीं जनवरी के पहले सप्ताह में शीतलहर का दौर फिर शुरू होने की प्रबल संभावना है।
 
मप्र में गिरा पारा : उत्तरी हवाओं के कारण प्रदेश के कई जिलों में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया। दतिया सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया। इसके अलावा धार, गुना, ग्वालियर, पचमढ़ी, राजगढ़, रतलाम, खजुराहो, नौगांव और सागर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे चला गया। शनिवार शाम से उत्तरी हवाएं चलने लगी थीं। इस कारण दिन और रात का तापमान गिर गया है। अगले 48 घंटे तक मौसम इसी तरह बना रहेगा।
 
दिल्ली में दृश्यता घटी : राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में सोमवार को शीतलहर चली और घने कोहरे के कारण शहर के कुछ इलाकों में दृश्यता घटकर 50 मीटर पर पहुंच गई, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। दिल्ली में रविवार को एक ‘ठंडा दिन’ दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार, एक ‘ठंडा दिन’ तब माना जाता है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया जाए।
Weather Alert
कश्मीर में तापमान शून्य से नीचे : कश्मीर में न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली, हालांकि अधिकतर जगह तापमान शून्य से नीचे ही रहा। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिसंबर के अंत तक घाटी में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। हालांकि, इस सप्ताह हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन भीषण बारिश होने के कोई आसार नहीं है।
 
न्यूनतम तापमान रविवार रात एक दिन पहले की तुलना में दो से तीन डिग्री अधिक, लेकिन शून्य से नीचे ही दर्ज किया गया। अत्यधिक ठंड के कारण कई क्षेत्रों में पानी की पाइप लाइन में पानी जम गया। डल झील के कुछ हिस्से भी जम गए हैं।
 
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, सोमवार तक जम्मू-कश्मीर में मौमस के अधिकतर शुष्क रहने की संभावना है। केंद्र शासित प्रदेश में 30 दिसंबर तक आमतौर पर बादल छाए रहने के साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना है। (इनपुट भाषा)  Edited by Sudhir Sharma

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

कर्नाटक में भीड़ वाले स्थानों पर मास्क अनिवार्य, नए साल का जश्न रात 1 बजे तक ही