Biodata Maker

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

weather update : 3 राज्यों में फिर बर्फबारी, मैदानी इलाकों में ठंड से राहत, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम...

Advertiesment
हमें फॉलो करें weather update
, रविवार, 5 जनवरी 2020 (08:26 IST)
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में शनिवार को ताजा बर्फबारी देखने को मिली, वहीं उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान में हल्की बढ़ोत्तरी से लोगों को ठंड से राहत मिली है।
 
राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21.6 दर्ज डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों ने पूर्वानुमान लगाया है कि अगले दो- तीन दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना है। महानगर में शाम छह बजकर 36 मिनट पर वायु गुणवत्ता 346 दर्ज की गई, जो कि बेहद खराब श्रेणी में है।
 
शिमला में बर्फबारी, केलांग में तापमान -10 डिग्री : शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पर्यटन स्थल मनाली, डलहौजी, केलांग और कल्पा में तापमान शून्य डिग्री से नीचे पहुंच गया। आदिवासी बहुल जिला किन्नौर के कल्पा में हल्की बर्फबारी (0.2 सेमी) हुई, जबकि भुंतार (7.8 मिमी), शिवबाग (6.2 मिमी) और मनाली (1 मिमी) सहित राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई।
 
कुल्लु जिले के मनाली में शनिवार सुबह बर्फबारी हुई वहीं राजधानी शिमला में दोपहर में बर्फबारी देखने को मिली। राज्य में केलांग का न्यूनतम तापमान शून्य से 10.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
 
कल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि मनाली और डलहौजी में तापमान शून्य से 1.2 और शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। शिमला, सोलन और धर्मशाला में न्यूनतम तापमान क्रमश: 0.7, दो और 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
weather update
कश्मीर में 5 इंच तक बर्फबारी : कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में शनिवार को ताजा हल्की बर्फबारी हुई, जिससे न्यूनतम तापमान बढ़ा और लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिली।
 
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख क्षेत्र में आसमान में बादल छाए रहेंगे और इस दौरान हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। कश्मीर में कई स्थानों, जम्मू के पर्वतीय क्षेत्रों और लद्दाख के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दो से पांच इंच तक की बर्फबारी हुई।
 
बर्फ से ढंके बद्रीनाथ, केदारनाथ : आपदा प्रबंधन के अधिकारियों ने कहा कि उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिर, रुद्रप्रयाग में केदारनाथ और चमोली जिले में बद्रीनाथ में भारी बर्फबारी होने से ये स्थान बर्फ की मोटी परतों से ढंक गए। चमोली जिले में नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान और केदारनाथ कस्तूरी मृग अभयारण्य भी बर्फ की सफेद चादरों से ढंक गए।
 
देहरादून में भी दोपहर के बाद हुई बारिश और ओलावृष्टि से ठंड बढ़ गई। मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस, नई टिहरी में 1.2 डिग्री सेल्सियस, पंतनगर में 6.5 डिग्री सेल्सियस और देहरादून में 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
weather update
पंजाब और हरियाणा को ठंड से राहत नहीं : पंजाब और हरियाणा में लोगों को अब भी ठंड से राहत नहीं मिल रही और फरीदकोट दोनों ही राज्यों में 3.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। पंजाब के पटियाला, अमृतसर, लुधियाना में तापमान क्रमश: 4.8, 4.6, 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के करनाल और अंबाला में न्यूनतम तापमान क्रमश:6.8 और 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार में तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है।
 
कैसा है राजस्थान और यूपी में मौसम : राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सीकर के फतेहपुर में सबसे कम 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड जारी है, वहीं राज्य की राजधानी लखनऊ में शनिवार सुबह आंशिक रूप से बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने बताया कि पांच डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ मुजफ्फरनगर राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा।
 
weather update
आज कैसा रहेगा मौसम : मौसम एजेंसी स्कायमेट के अनुसार, हवा में नमी के कारण, उत्तरी व पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, और ओड़ीशा में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा। महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में मौसम शुष्क बना रहेगा। राजस्‍थान, हरियाणा, पंजाब, आंध्र प्रदेश, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु में एक-दो जगह हल्की बारिश हो सकती है। रात ठंडी और दिन गरम रहेगा। 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

क़ासिम सुलेमानी की हत्या के बाद इराक़ में क्या हो रहा है?