Publish Date: Tue, 05 Jun 2018 (11:05 IST)
Updated Date: Tue, 05 Jun 2018 (11:15 IST)
मुंबई में तेज हवा के साथ हुई बारिश का जनजीवन पर बुरा असर पड़ा। महाराष्ट्र में मानसून पूर्व भारी बारिश के कारण पिछले 72 घंटों के दौरान प्रदेश में 13 लोगों की जानें जा चुकी हैं। स्काईमेट ने मुंबई में भारी बारिश की आशंका जताई है। उसने लोगों को घरों के अंदर रहने का सुझाव दिया है।
ALSO READ: मौसम अपडेट : मुंबई में झमाझम बारिश, अंधेरी में अधिकतम 46 मिमी बारिश दर्ज
मुंबई के कई भागों में सोमवार को बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं और बिजली कड़की जिससे कुछ जगहों में जलजमाव हो गया। बृहन्मुंबई महानगर पालिका के आपदा नियंत्रण कक्ष ने एक बयान में कहा कि अंधेरी में अधिकतम 46 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि दहीसर में 43, धारावी में 39, वडाला में 35 और बायकुला में 33 मिलीमीटर बारिश हुई।
महाराष्ट्र में इस बारिश का असर रेल और विमान सेवाओं पर भी पड़ा है। पश्चिम एवं मध्य रेलवे की कई गाड़ियों का परिचालन भी प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनें विलंब से चल रही हैं। मुंबई हवाई अड्डा भी इसकी चपेट में है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिन में मानसून के महाराष्ट्र और गोवा पहुंचने की संभावना जताई है। वहीं, मौसम पूर्वानुमान बताने वाली एक निजी कंपनी के मुताबिक इस सप्ताह के आखिर में 8 से 10 जून के बीच मुंबई में भारी बारिश हो सकती है।
निजी एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक 8 से 10 जून के मध्य पश्चिमी तट और खासकर मुंबई में बरसात के आसार हैं। सरकार ने कहा है कि मानसून गति पकड़ रहा है और केरल, तटीय कर्नाटक, कोंकण क्षेत्र और गोवा में 7 जून से बारिश में तेजी आएगी। मौसम विभाग ने दस जून के बाद इन इलाकों में बाढ़ की आशंका जाहिर की है।
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय में सचिव एम राजीवन ने कहा कि मॉनसून के सात जून से ‘मजबूत’ होने के आसार हैं और इस कारण केरल, तटीय कर्नाटक, मुंबई और गोवा सहित कोंकण क्षेत्र में ‘भारी बारिश’ हो सकती है तथा 10 जून के बाद से बाढ़ की आशंका है।
webdunia
Publish Date: Tue, 05 Jun 2018 (11:05 IST)
Updated Date: Tue, 05 Jun 2018 (11:15 IST)