Publish Date: Fri, 05 Feb 2021 (14:34 IST)
Updated Date: Fri, 05 Feb 2021 (15:46 IST)
नैनीताल। कुमाऊं में नैनीताल, अल्मोड़ा, मुक्तेश्वर और मुनस्यारी में बहुप्रतीक्षित हिमपात होने से अब कारोबारियों और उद्यान कास्तकारों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पहले से यहां मौजूद पर्यटक ने मौसम का भरपूर लुत्फ उठाया। अब इन क्षेत्रों में पर्यटकों की पर्यटन स्थलों पर तादाद बढ़ने की संभावना है। नैनीताल, अल्मोड़ा, मुक्तेश्वर और मुनस्यारी में यह सीजन का पहला हिमपात है। अल्मोड़ा जनपद के बिनसर टाप, जागेश्वरधाम, शौकियाथल व आसपास के इलाकों में भी देर रात बर्फबारी हुई।
शुक्रवार को बर्फबारी का लुत्फ उठाने सैलानियों का हिमपात वाले क्षेत्रों में पहुंचना शुरू हो गया। इन क्षेत्रों में बर्फानी हवा से ठिठुरन बढ़ गई है। सीमान्त जिले पिथौरागढ़ के मुनस्यारी जिसे हिम नगरी भी कहते हैं में भी हिमपात हुआ है। हिमनगरी में चार इंच हिमपात हुआ।
पाटलठौड़ से कालामुनि रातापानी तक एक से दो फीट तक हिमपात हुआ। जबकि थल मुनस्यारी मार्ग यातायात के लिए बंद है। आसपास की सभी चोटियां लकदक हो गई हैं। धारचूला के चौदास घाटी में भी हिमपात हुआ है।
नैनीताल जिले में मुक्तेश्वर की पहाड़ी भी हिमपात से चमक बिखेरने लगी है।
सेव बेल्ट मानी जाने वाले रामगढ, गागर, खपराड, शहर फाटक, दुर्गानगर, मोतियापाथर, पहाडपानी, कसियालेख, धानाचूली बैंड समेत तमाम उद्यानीक्रित क्षेत्रों में इस बरफ ने कास्तकारों की बुझी उम्मीद को जगाया है। सेव बागानों के लिए ये बरफ संजीवनी से कम नहीं
पहाड़ों की रानी मसूरी में बीते दो दिन से जारी बर्फबारी अब थम गई है। मसूरी की वादियां पूरी तरह से बर्फ से ढकी हुई हैं। बर्फबारी होते ही पर्यटकों ने पहाड़ों का रुख करना शुरू कर दिया है। गुरुवार देर रात तक मसूरी में बर्फ गिरी।
बर्फबारी की सूचना मिलते ही नगर में पर्यटक उमड़ पड़े। वहीं, शहर में रुक रुककर बारिश और बर्फबारी होती रही। शहर के सबसे ऊंचाई वाले लालटिब्बा क्षेत्र में जमकर हिमपात हुआ।
उधर, धनोल्टी और बुरांशखंडा में बर्फबारी के बाद पहाड़ों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए गुरुवार को ही सैलानी मसूरी पहुंचने शुरू हो गए थे। मसूरी के समीपवर्ती क्षेत्र धनोल्टी और बुरांशखंडा में भी बर्फबारी हुई। गुरुवार देर रात बर्फबारी के बाद शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में पर्यटक धनोल्टी और बुरांशखंडा में मौसम का लुत्फ उठाते दिखे।
हालांकि स्थानीय लोगों की समस्याएं बढ़ गई हैं। ठंड बढ़ने से लोग घरों में कैद हो गए हैं। पर्यटन व्यवसायी खुश हैं। सुरकंडा देवी मंदिर के आसपास भी बर्फबारी हुई है। पर्यटक बर्फ का जमकर लुत्फ उठाते नजर आ रहे हैं।