Publish Date: Thu, 18 Jan 2024 (00:38 IST)
Updated Date: Thu, 18 Jan 2024 (00:43 IST)
Ramlala's Murti reached Ram temple : 22 जनवरी को रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा होनी है। इसके लिए अयोध्या में युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही हैं। बुधवार को ट्रक से भगवान राम की मूर्ति को 'जय श्री राम' के नारों के बीच अयोध्या राम मंदिर परिसर में लाया गया। राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में मुख्य यजमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे। इसके लिए वे कठिन तप कर रहे हैं।
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में मुख्य अर्चक की भूमिका निभाने जा रहे पंडित लक्ष्मीकांत दीक्षित ने बुधवार को बताया कि 22 जनवरी को अयोध्या राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही मुख्य यजमान होंगे। इसके लिए प्रधानमंत्री कठिन तप कर रहे हैं।
दीक्षित ने उन खबरों का खंडन किया कि ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा प्राण प्रतिष्ठा से जुड़े अनुष्ठान में यजमान होंगे। दीक्षित बुधवार को वाराणसी से अयोध्या के लिए रवाना हुए। बताया कि पूर्व में उन्होंने राजस्थान के लक्ष्मणगढ़ स्थित भगवान राम मंदिर में और ओडिशा के एक मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न कराए थे।
अयोध्या स्थित राम मंदिर में 22 जनवरी के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह से पहले किए जा रहे अनुष्ठानों के तहत दूसरे दिन बुधवार को सरयू नदी के तट पर कलश पूजन किया गया। मंदिर ट्रस्ट के एक सदस्य ने यह जानकारी दी और कहा कि अनुष्ठानों का सिलसिला 22 जनवरी तक जारी रहेगा।
अनुष्ठानों का सिलसिला मंगलवार को शुरू हुआ जो बुधवार को यहां सरयू नदी के तट पर 'यजमान' (मुख्य यजमान) द्वारा कलश पूजन के साथ जारी रहा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा, उनकी पत्नी और अन्य लोगों ने सरयू नदी तट पर कलश पूजन किया।
इसके पहले राम मंदिर के मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास ने कहा था कि अनुष्ठान शुरू हो गया है और 22 जनवरी तक जारी रहेगा। 11 पुजारी सभी देवी-देवताओं का आह्वान करते हुए अनुष्ठान कर रहे हैं। प्राण-प्रतिष्ठा से पहले अनुष्ठान शुरू हो गए हैं। सात दिनों तक होने वाले इस अनुष्ठान का आज बुधवार को दूसरा दिन है।
Edited By : Chetan Gour
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
Publish Date: Thu, 18 Jan 2024 (00:38 IST)
Updated Date: Thu, 18 Jan 2024 (00:43 IST)