Publish Date: Sat, 02 Sep 2017 (15:18 IST)
Updated Date: Sat, 02 Sep 2017 (15:22 IST)
एक बड़े तमाशे के बाद डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख राम रहीम की गिरफ्तारी और अब एक टीवी चैनल का सनसनीखेज दावा कि जेल में बंद बाबा नकली है। असली राम रहीम तो काफी पहले ही फरार हो गया है और फिलहाल हनीप्रीत के साथ विदेश में ऐश कर रहा है।
टीवी चैनल सुदर्शन न्यूज के संपादक ने दावा किया है कि जेल में बंद गुरमीत राम रहीम नकली है, असली राम रहीम विदेश में है। संपादक सुरेश चव्हाण ने एक वीडियो में दावा किया है कि असली राम रहीम तो तीन महीने पहले ही फरार हो गया था। अदालत और जेल जाते समय जिस तरह हनीप्रीत और गाड़ियों के काफिले को दिखाया गया था, वह लोगों को भ्रमित करने के लिए किया गया था।
चैनल का कहना है कि इस खुलासे के बारे में सुनकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिल जाएंगे, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर बैठ जाएंगे और देश सुन्न हो जाएगा।
चव्हाण का कहना है कि जिस तरह हरियाणा सरकार और वहां का प्रशासन सोच रहा था, उससे कहीं बहुत आगे की सोच रहा था बाबा राम रहीम। वह तीन महीने पहले ही वहां से फरार हो गया। बाद में हनीप्रीत भी उसके पास पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि वे इस मुहिम को तब जारी रखेंगे जब तक कि नकली बाबा राम रहीम का डीएनए टेस्ट नहीं हो जाता।