Publish Date: Friday, 30 January 2026 (17:42 IST)
Updated Date: Friday, 30 January 2026 (01:44 IST)
नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गायक शंकर महादेवन, अभिनेता प्रभु देवा,पहलवान बजरंग पुनिया और पत्रकाल कुलदीप नैयर (मरणोपरांत) समेत 55 व्यक्तियों को सोमवार को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया।
राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में उन्हें ये पुरस्कार प्रदान किए गए। लेखन एवं रंगमंच से जुड़े बाबासाहेब उर्फ बलवंत मोरेश्वर पुरंदर को पद्मविभूषण प्रदान किया गया, हालांकि वे पुरस्कार प्राप्त करने के लिए उपस्थित नहीं हो सके। इसके अलावा कुलदीप नैयर (मरणोपरांत) तथा हुक्मदेव नारायण यादव समेत 8 लोगों को पद्मभूषण और 46 लोगों को पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
समारोह में बाबा साहेब समेत 8 लोग या उनके प्रतिनिधि पुरस्कार प्राप्त करने के लिए उपस्थित नहीं हो सके। नैयर के अलावा फिल्म जगत के जाने-माने हास्य अभिनेता रहे कादर खान को भी मरणोपरांत पद्म पुरस्कार दिया गया। उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया है।
पुरस्कार प्राप्त करने वाली अन्य जानी-मानी हस्तियों में अभिनेता विश्वनाथन मोहनलाल और बुद्धादित्य मुखर्जी, लोकसेवा क्षेत्र से झारखंड के करिया मुंडा, पंजाब के सुखदेव सिंह ढींढसा, बिहार के हुक्मदेव नारायण यादव और दक्षिण अफ्रीका के प्रवीण जमनादास गोर्धन तथा व्यापार एवं उद्योग के क्षेत्र से जे2सी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमेरिका के जॉन चैम्बर्स को पद्मभूषण प्रदान किया गया।
टेबल टेनिस खिलाड़ी शरत कमल अचंता, अध्यात्म गुरु बंगारू आदिगालार, चिकित्सक प्रो. इलियास अली और संदीप गुलेरिया, अभिनेता प्रभु देवा, गायक शंकर महादेवन, पहलवान बजरंग पुनिया और कबड्डी खिलाड़ी अजय ठाकुर को पद्मश्री से सम्मानित किया गया। (वार्ता)