Publish Date: Sat, 14 Jul 2018 (14:32 IST)
Updated Date: Sat, 14 Jul 2018 (16:00 IST)
विश्व चैंपियनशिप में किसी भी ट्रैक पर देश का पहला स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनकर असम की 18 वर्षीय हिमा दास ने गुरुवार को इतिहास बनाया।
हीमा को स्वर्ण पदक दिए जाने के बाद राष्ट्रधुन बजाई गई तो हिमा के आंख से आंसू बह रहे थे। यह वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वाइरल हो गया।
खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने अपने फेसबुक पोस्ट में कहा। एक किसान की बेटी बनी भारत की नई "उड़नपरी"! किसी भी विश्व एथेलेटिक्स स्पर्धा में भारतीय राष्ट्रगान बजने और हाथों में तिरंगे लिए भारतीय धावक को देखने का सपना भारत की एक बेटी ने पूरा किया। हिमा दास ने आज अपनी स्वर्णिम सफलता के जरिये ना सिर्फ इतिहास रचा बल्कि हर देशवासी का सर गर्व से ऊँचा कर दिया है। आनंद लीजिए उन पलों का जब पहली पहली बार अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स स्पर्धा में राष्ट्रगान की धुन बजी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस वीडियो को ट्वीट कर लिखा है, हिमा दास की जीत में ना भुलाए जाने वाले लमहे। जीतने के तुरंत बाद उसे तिरंगा ढूंढ़ते हुए देखा और राष्ट्रगान गाते समय उनका भावुक हो जाने ने मुझ पर गहरा असर किया।'
उल्लेखनीय है कि हिमा दास गुरुवार को महिला 400 मीटर फाइनल में खिताब के साथ आईएएएफ विश्व अंडर 20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी। हिमा दास ने 51.46 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता।