Publish Date: Fri, 15 Mar 2019 (07:36 IST)
Updated Date: Fri, 15 Mar 2019 (07:43 IST)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री पीयूष गोयल, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस ने गुरुवार को मुंबई फुट ओवरब्रिज हादसे पर दुख जताया।
मोदी ने ट्विटर पर लिखा, 'मुंबई में फुट ओवरब्रिज दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर सुनकर गहरी पीड़ा हुई। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदना शोक संतप्त परिवारों के साथ है। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। महाराष्ट्र सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है।
रेल मंत्री गोयल ने सीएसटी फुटओवर ब्रिज हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि रेलवे के डॉक्टर एवं कर्मचारी बृहन्मुबई नगरपालिक निगम के साथ राहत और बचाव अभियान में सहयोग कर रहे हैं।
फडनवीस ने मुंबई फुटओवर ब्रिज हादसे को दुखद घटना बताते हुए कहा कि इसकी उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने प्रत्येक मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रूपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि दिए जाने की घोषणा की और कहा कि घायलों का पूरा चिकित्सा खर्च सरकार उठायेगी।