Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

आजमगढ़ में PM मोदी ने बताया, क्यों तेज गति से दौड़ रहे हैंं?

हमें फॉलो करें modi in azamgarh

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, रविवार, 10 मार्च 2024 (13:08 IST)
PM Modi in Azamgarh : प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने रविवार को पूर्ववर्ती विपक्षी दलों की सरकारों पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि आज विकास की मेरी अनंत यात्रा का अभियान है और मैं 2047 तक भारत को ‘विकसित भारत’ बनाने के लिए दौड़ रहा हूं तथा देश को तेज गति से दौड़ा रहा हूं।
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी रविवार को आजमगढ़ जिले के मंदूरी हवाई अड्डा परिसर में 34,700 करोड़ रुपए की 782 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद यहां आयोजित एक रैली को संबोधित कर रहे थे।
 
मोदी ने कहा कि पहले की सरकारों में बैठे लोग जनता की आंख में धूल झोंकने के लिए योजनाएं घोषित कर देते थे। कभी-कभी तो इनकी हिम्मत इतनी होती थी कि संसद में बैठकर रेलवे की नई-नई योजनाएं घोषित कर देते थे। बाद में कोई पूछने वाला नहीं। मैंने समीक्षा की तो 30-35 साल पहले घोषणाएं हुईं। कभी चुनाव से पहले पत्थर गाड़ देते और फिर खो जाते। पत्थर भी खो जाते और नेता भी खो जाते।
 
उन्‍होंने कहा कि 2019 में मैं कोई भी योजना घोषित करता और शिलान्यास करता तो पहली सुर्खी यही बनती कि यह तो चुनाव है तो हो रहा है। आज देश देख रहा है कि मोदी दूसरी मिट्टी का इंसान है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 2019 में जो शिलान्यास किए गए उनका उद्घाटन हो चुका है। आज विकास की मेरी अनंत यात्रा का अभियान है। 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने के लिए दौड़ रहा हूं और देश को तेज गति से दौड़ा रहा हूं।
 
प्रधानमंत्री कहा कि आज आजमगढ़ का सितारा चमक रहा है। एक जमाना था जब दिल्‍ली से कोई कार्यक्रम हो और देश के अन्‍य राज्‍य उसके साथ जुड़ते थे और आज आजमगढ़ में कार्यक्रम हो रहा है और देश के अलग-अलग हिस्सों से हजारों लोग हमारे साथ जुड़े हैं।
 
मोदी ने कहा कि आज केवल आजमगढ़ ही नहीं बल्कि पूरे देश के विकास के लिए कई विकास परियोजनाओं का यहां से शुभारंभ हो रहा है। जिस आजमगढ़ को देश के पिछड़े इलाकों में गिनते थे, आज वही देश के लिए विकास का नया अध्याय लिख रहा है। आज आजमगढ़ में देश के कई राज्यों में करीब 34 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास हुआ है।
 
विकास की गति की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हवाई अड्डे के टर्मिनल के लिए कितना तेजी से काम हुआ, उसका उदाहरण ग्‍वालियर का विजयाराजे सिंधिया हवाई अड्डा है जो 16 महीने में बनकर तैयार हो गया। ये प्रयास देश के सामान्‍य मनुष्‍य के लिए हवाई जहाज की यात्रा को और ज्यादा सहज और सुलभ बनाएंगे।
 
उन्होंने कहा कि एक साथ देश भर की परियोजनाओं के लोकार्पण का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, 'पिछले कई दिनों से मेरे समय की मर्यादा के कारण मैं एक ही स्थान पर से देश की अनेकों परियोजनाओं का लोकार्पण कर रहा हूं और जब लोग इतनी सारी परियोजनाओं के बारे में सुनते हैं तो अचरज में पड़ जाते हैं।
 
उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में डबल इंजन की सरकार ने उत्तर प्रदेश में लाखों करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए हैं।
इससे ना सिर्फ यूपी का इंफ्रास्ट्रक्चर बदला है, बल्कि युवाओं के लिए लाखों नए अवसर बने हैं।

आपका ये प्यार और आजमगढ़ का ये विकास... जातिवाद, परिवारवाद और वोटबैंक के भरोसे बैठे इंडी गठबंधन की नींद उड़ा रहा है। पूर्वांचल ने दशकों तक जातिवाद और तुष्टीकरण की राजनीति देखी है और पिछले 10 वर्षों से ये क्षेत्र विकास की राजनीति भी देख रहा है। यहां के लोगों ने माफियाराज और कट्टरपंथ के खतरों को भी देखा है और अब यहां की जनता कानून का राज भी देख रही है।
 
मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे-जैसे विकास की बुलंदियों को छू रहा है, तुष्टिकरण का जहर भी कमजोर पड़ रहा है। पिछले चुनाव में आजमगढ़ की जनता ने भी दिखा दिया कि परिवार के लोग जहां अपना गढ़ समझते थे, वो भी ढह चुके हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज यूपी की पहचान रिकॉर्ड मात्रा में आ रहे निवेश से हो रही है। एक्सप्रेस-वे के नेटवर्क और हाइवेज से हो रही है।
Edited by : Nrapendra Gupta 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Live : आजमगढ़ में मोदी बोले, यूपी की पहचान विकास और कानून व्यवस्था से