Publish Date: Sat, 20 Jan 2018 (23:40 IST)
Updated Date: Sat, 20 Jan 2018 (23:48 IST)
नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के बवाना औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार शाम दो मंजिला एक फैक्टरी में आग लगने से 17 लोगों की मौत होने की आशंका है। दिल्ली दमकल सेवा के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस ने आग में अब तक नौ लोगों के मरने की पुष्टि की है।
अधिकारी ने बताया कि आग एक पटाखा फैक्टरी से शुरू हुई। हालांकि इस पर काबू पा लिया गया है। अधिकारी ने कहा कि बचाव अभियान जारी है क्योंकि और भी लोगों के फैक्टरी के अंदर फंसे होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि दिल्ली दमकल सेवा को आग लगने के बारे में शाम करीब 6:20 बजे सूचना मिली थी और दमकल की 10 गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची।
अधिकारी के मुताबिक पटाखा फैक्टरी की दूसरी मंजिल पर एक रबर फैक्टरी है। उत्तर दिल्ली नगर निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उत्तरी दिल्ली मेयर प्रीति अग्रवाल हालात का जायजा लेने के लिए मौके पर गईं। अधिकारी ने बताया कि यह फैक्टरी दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (डीएसआईआईडीसी) क्षेत्र में आता है।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर जताया दु:ख : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना में लोगों की मौत होने पर दु:ख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने मोदी के हवाले से ट्वीट कर कहा कि बवाना में एक फैक्टरी में आग लगने से काफी दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के परिवारों के प्रति है, जिनकी जानें चली गई। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
सरकार ने दिए जांच के आदेश : दिल्ली सरकार ने बाहरी दिल्ली के बवाना औद्योगिक क्षेत्र में एक निजी फैक्टरी में आग लगने की घटना की जांच का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह बचाव अभियान पर ‘‘करीबी नजर’’ बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री ने आग में कई लोगों की मौत होने पर दुख जताते हुए कहा कि वह बचाव अभियानों पर ‘करीबी नजर’ रखे हुए हैं।
केजरीवाल ने एक ट्वीट कर कहा कि कई लोगों के मारे जाने के बारे में सुनकर बहुत दु:ख हुआ। बचाव अभियान पर करीबी नजर रख रहा हूं।’’ दिल्ली के शहरी विकास मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि इस घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जैन ने ट्वीट कर कहा कि बवाना में एक निजी फैक्टरी में आग की गंभीर घटना के बारे में पता चला। कई लोगों की मौत हुई है। स्थिति पर नजर रख रहा हूं। जांच के आदेश दिए गए हैं।
webdunia
Publish Date: Sat, 20 Jan 2018 (23:40 IST)
Updated Date: Sat, 20 Jan 2018 (23:48 IST)