Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia
Advertiesment

मोदी के साथ योग नहीं कर पाएंगे योगी के कई मंत्री

हमें फॉलो करें मोदी के साथ योग नहीं कर पाएंगे योगी के कई मंत्री
, रविवार, 18 जून 2017 (13:03 IST)
लखनऊ। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ इसी 21 जून को योग करने की हसरत अधूरी रह जाएगी।

'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' 21 जून को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यहां रमाबाई अंबेडकर मैदान में करीब 50,000 लोगों के साथ योग करेंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे, लेकिन उनके मंत्रिमंडल के कई मंत्रियों की मोदी के साथ योग करने की हसरत अधूरी रह जाएगी।

कार्यक्रम के अनुसार मंत्रियों को उन जिलों में योग करना होगा, जहां के वे प्रभारी होंगे। जो मंत्री प्रभारी नहीं बनाए गए हैं, उन्हें अपने क्षेत्र या पैतृक जिलों में रहने के लिए कहा गया है। योगी मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री को लेकर 47 मंत्री हैं।

मंत्रिमंडल के एक वरिष्ठ सदस्य ने नाम नहीं छापने की शर्त पर कहा कि मैं तो चाहता था कि अपने नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ लखनऊ में योग दिवस मनाऊं, उनके साथ योग करूं लेकिन पार्टी के निर्देशानुसार अब जिस जिले का प्रभारी हूं, वहां जाना ही पड़ेगा।

'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' पर इस वर्ष मोदी लखनऊ में योग करेंगे। इसके पहले वे योग दिवस पर चंडीगढ़ और दिल्ली में योग कर चुके हैं। मोदी 20 जून की शाम ही यहां आ जाएंगे और अगले दिन 21 जून को 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए रमाबाई अंबेडकर मैदान को अभेद्य दुर्ग में परिवर्तित किया जा रहा है। योग कार्यक्रम के दौरान वर्षा होने की संभावना को देखते हुए भी इंतजाम किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद प्रधानमंत्री के दौरे के लिए की जा रहीं तैयारियों पर बारीक नजर रखे हुए हैं। उन्होंने शनिवार शाम पुलिस महानिदेशक सुलखान सिंह से विस्तृत बात की। 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' का पूर्वाभ्यास मुख्यमंत्री की अगुआई में सोमवार को रमाबाई अंबेडकर मैदान पर प्रस्तावित है।

मोदी करीब 15 घंटे लखनऊ में रहेंगे। रात्रि विश्राम वे राजभवन में करेंगे। लखनऊ प्रवास के दौरान वे विभिन्न आयोजनों में हिस्सा लेंगे। पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) हरिराम शर्मा के अनुसार प्रधानमंत्री की सुरक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

मोदी की सुरक्षा के लिए 10 कंपनी केंद्रीय बल, 25 कंपनी पीएसी के अलावा आतंकवादी निरोधक दस्ते के कमांडो लगाए गए हैं। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक स्तर के 26 अधिकारी, 51 पुलिस उपाधीक्षक, 137 क्षेत्राधिकारी, 224 निरीक्षक, 992 उपनिरीक्षक, 162 महिला पुलिस उपनिरीक्षक, 3,700 कांस्टेबल, 480 महिला कांस्टेबल और 300 यातायात पुलिसकर्मी मौजूद होंगे।

उन्होंने बताया कि रमाबाई अंबेडकर मैदान के इर्द-गिर्द अवांछनीय तत्वों पर निगाह रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 400 सीसीटीवी लगाए गए है। केंद्रीय खुफिया संगठनों ने योग कार्यक्रम के दौरान आतंकवादी संगठनों द्वारा गड़बड़ी किए जाने की आशंका जताई गई है।

इस बीच, लखनऊ जिला प्रशासन के अनुसार 'योग दिवस' के कार्यक्रम में रमाबाई अंबेडकर मैदान आने वाले प्रतिभागियों को प्रवेश 2 बजे रात से ही देना शुरू कर दिया जाएगा। राजधानी के 11 मुख्य पार्कों में एलईडी टीवी लगाए जा रहे हैं, जहां लोग कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख सकेंगे और मोदी के संग दूर बैठकर भी योग कर सकते हैं। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

योग दिवस से पहले चीन पर चला योग का जादू