ind-pak crisis

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

Weather Updates: दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से ऊपर, मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट

Advertiesment
हमें फॉलो करें latest weather news
नई दिल्ली , गुरुवार, 27 जुलाई 2023 (09:14 IST)
Weather Updates: राजधानी दिल्ली (Delhi) के कई हिस्सों और ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर भारी वर्षा के चलते यमुना (Yamuna) नदी का जलस्तर बुधवार को खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर गया। केंद्रीय जल आयोग (CWC) के आंकड़े के मुताबिक रात 8 बजे लोहे के पुराने रेलवे पुल पर जलस्तर 205.5 मीटर दर्ज किया गया। आईएमडी (IMD) ने 27 जुलाई तक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों समेत देशभर में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। भारी वर्षा से कर्नाटक में 38 लोगों की जानें चली गई हैं।
 
दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान के ऊपर: राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों और ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर भारी वर्षा के चलते यमुना नदी का जलस्तर बुधवार को खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर गया। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के आंकड़े के मुताबिक रात 8 बजे लोहे के पुराने रेलवे पुल पर जलस्तर 205.5 मीटर दर्ज किया गया।
 
मुंबई में भारी बारिश, 'ऑरेज अलर्ट' जारी : मुंबई में बुधवार को भारी बारिश के कारण यातायात प्रभावित हुआ लेकिन कुछ देरी के साथ उपनगरीय रेल सेवाओं का परिचालन सामान्य रहा। मुंबई में आज गुरुवार को भारी वर्षा के कारण स्कूल बंद रहेंगे।
 
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि मौसम विभाग ने गुरुवार को मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' चेतावनी जारी की है। विभाग ने इस दौरान कुछ इलाकों में बहुत भारी से भी भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।
 
बुधवार सुबह जारी दैनिक मौसम पूर्वानुमान के अनुसार मौसम विभाग ने मुंबई और उपनगरों में भारी बारिश तथा अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है। विभाग ने 24 घंटों में 45-55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया है।
 
latest weather news
राजस्थान में वर्षा का दौर जारी, कई जगह भारी बारिश : जयपुर से मिले समाचारों के अनुसार राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार सुबह से शाम 5.30 बजे तक गंगानगर में 64.6 मिलीमीटर, पिलानी में 41.6 मिमी, सिरोही में 39 मिमी, बीकानेर में 22.2 मिमी, करौली में 15.5 मिमी, वनस्थली और सीकर में 4-4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
 
बुधवार सुबह तक बीते 24 घंटों के दौरान जयपुर के कोटपुतली में 5 सेंटीमीटर, पावटा, भरतपुर के नदबई, बयाना, झुंझुनू के चिड़ावा, सिरोही के माउंट आबू तहसील और अलवर के बानसूर में 5-5 सेंटीमीटर और अन्य कई स्थानों पर 4 से 1 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।
 
जयपुर मौसम केंद्र के प्रवक्ता के अनुसार 27 जुलाई को भी दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान को छोड़कर अधिकांश भागों में मानसून सक्रिय रहने से हल्की-मध्यम बारिश व कोटा, उदयपुर, जयपुर संभाग में 1-2 स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
 
उन्होंने बताया कि 28 जुलाई को भी बारिश की गतिविधियां भरतपुर, जयपुर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में जारी रहने की संभावना है, वहीं 29 जुलाई से राज्य में बारिश की गतिविधियों में कमी होने तथा केवल छुटपुट स्थानों पर हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है।
 
हिमाचल में फिर फटा बादल, घर बह गए, राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित : शिमला व रामपुर से समाचारों के अनुसार हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में बादल फटने से 1 स्कूल और 5 घर बह गए एवं खेतों को नुकसान पहुंचा है जबकि झाकड़ी और जोएरी क्षेत्रों के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 5 पर भूस्खलन के कारण यातायात अवरुद्ध हो गया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
 
रामपुर के उपमंडल मस्जिट्रेट निशांत तोमर ने कहा कि मंगलवार को सरपारा पंचायत के कंधार गांव में बादल फटने से लगभग 20 भेड़-बकरियां और कुछ गायें बह गईं और भूस्खलन से शिमला-किन्नौर मार्ग अवरुद्ध हो गया है। उनके अनुसार सुरेंद्र कुमार, विजय नंद, मोहन, नरेन्द्र और संगत राम के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
 
उन्होंने कहा कि जहां भूस्खलन हुआ है, वहां पर मशीनों को काम पर लगाया गया है लेकिन ऊपर से पत्थरों के गिरने से सड़क के मरम्मत कार्य में बाधा आ रही है। तोमर ने कहा कि अब तक किसी व्यक्ति के हताहत होने की जानकारी नहीं है तथा प्रभावित लोगों को तत्काल राहत प्रदान की गई है। रामपुर के पास सुंडा गांव में बारिश के कारण चट्टान खिसकने से 2 वाहन उसके नीचे दब गए, लेकिन उसमें सवार चालकों और यात्रियों को बचा लिया गया।
 
राज्य आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक 24 जून को मानसून के पहुंचने के बाद से वर्षाजनित घटनाओं में प्रदेश में 652 घर पूरी तरह से और 6,686 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं तथा 236 दुकानें और 2037 गौशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।
 
स्थानीय मौसम केंद्र ने 26,27 और 28 जुलाई को राज्य में छिपपुट स्थानों पर भारी बारिश का अंदेशा जताते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है तथा भूस्खलन तथा बाढ़ आने की भी चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने 29 जुलाई के लिए भारी बारिश का 'येलो अलर्ट' भी जारी किया है और 1 अगस्त तक राज्य में बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है। इसने चंबा, कांगड़ा, शिमला और सिरमौर जिलों में अचानक बाढ़ आने की चेतावनी भी दी है।
 
तेलंगाना में 80 पर्यटकों को बचाया : तेलंगाना के मुत्याला धारा झरने से कुल 80 फंसे हुए पर्यटकों को बचाया गया है। तेलंगाना एसपी मुलुगु ने बताया कि हमने हर समूह से सत्यापन किया और अब कोई भी पीछे नहीं बचा है। उन्हें चिकित्सा सेवाएं दी गई हैं। एक लड़के को मामूली बिच्छू ने काट लिया था और उसका इलाज कराया गया है। 90 फीसदी पर्यटकों का स्वास्थ्य ठीक है।
 
कर्नाटक 38 लोगों की जानें गईं : कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा कि मूसलधार बारिश और बाढ़ से संबंधित घटनाओं में 1 जून से अब तक 38 लोगों की जानें जा चुकी हैं। राज्य के कई हिस्से अब भी पानी में डूबे हैं और आम जनजीवन प्रभावित है। 57 घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं, 208 काफी क्षतिग्रस्त हुए हैं और 2,682 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं तथा 105 मवेशियों की जानें गई हैं। बारिश और बाढ़ से 541 हैक्टेयर फसल बर्बाद हो गई है।
 
एक गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तरी आंध्रप्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट पर है। संबंधित चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। मानसून ट्रफ बीकानेर, कोटा, गुना, जबलपुर और पेंड्रा रोड से होकर गुजर रही है, जो अच्छी तरह से चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र का केंद्र है और फिर पूर्व दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंच रही है।
 
उत्तर-पश्चिमी मध्यप्रदेश और इससे सटे पूर्वी राजस्थान पर चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। अपतटीय ट्रफ रेखा दक्षिण कोंकण तट से उत्तरी केरल तट तक फैली हुई है। दक्षिणी पाकिस्तान और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। कतरनी क्षेत्र समुद्र तल से 5.8 और 7.6 किमी ऊपर 17° उत्तर अक्षांश के बीच चल रहा है।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट के अनुसार आज गुरुवार को आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और कोंकण और गोवा में मध्यम से भारी बारिश संभव है। विदर्भ, मराठवाड़ा, पश्चिम मध्यप्रदेश, दक्षिण गुजरात, पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम उत्तरप्रदेश के कुछ हिस्सों, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है।
 
उत्तर और मध्य राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार के कुछ हिस्सों और शेष उत्तर पूर्व भारत में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। पूर्वी उत्तरप्रदेश और उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश में हल्की बारिश संभव है।(एजेंसियां)
 
Edited by: Ravindra Gupta

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

गर्लफ्रेंड के माता-पिता ने जबरन कराया धर्मांतरण, 4 गिरफ्तार