Publish Date: Wed, 03 Aug 2022 (15:34 IST)
Updated Date: Wed, 03 Aug 2022 (15:44 IST)
रांची। उपराष्ट्रपति पद के लिए होने वाले चुनाव हेतु झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। पार्टी अध्यक्ष शिबू सोरेन ने बुधवार को यहां घोषणा की कि झामुमो उपराष्ट्रपति पद के लिए होने वाले चुनाव में विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा के पक्ष में मतदान करेगा।
सोरेन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि सम्यक विचारोपरांत झारखंड मुक्ति मोर्चा ने उपराष्ट्रपति चुनाव में प्रतिपक्ष की ओर से उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा के पक्ष में मतदान करने का निर्णय लिया है।
झामुमो ने राष्ट्रपति पद के लिए 18 जुलाई को हुए चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान किया था। झारखंड मुक्ति मोर्चा के वर्तमान में लोकसभा में 1 और राज्यसभा में 2 सांसद हैं।(भाषा)