Publish Date: Wed, 24 Jun 2020 (08:15 IST)
Updated Date: Wed, 24 Jun 2020 (08:21 IST)
गंगटोक। सिक्किम सरकार ने चीन और भारत के बीच गतिरोध के मद्देनजर दोनों देशों की सीमाओं के पास पूर्व और उत्तर सिक्किम में स्थित गांवों में भारतीय रिजर्व बटालियन (IRB) के जवानों की तैनाती की है।
पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी), रेंज, प्रवीण गुरुंग ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर पिछले हफ्ते से सशस्त्र आईआरबी जवानों को तैनात किया गया है। उन्होंने हालांकि तैनात किए गए आईआरबी जवानों की संख्या बताने से इनकार कर दिया।
गुरुंग ने कहा कि राज्य सरकार के आदेश पर आईआरबी जवानों को उत्तर सिक्किम के लाचेन, लाचुंग और थांगु के पास के गांवों में और पूर्वी सिक्किम में कुपुप और शेरथांग में तैनात किया गया है।
डीआईजी ने कहा कि इन गांवों में नागरिकों की एक बड़ी आबादी है और ए अंतरराष्ट्रीय सीमा के बहुत करीब स्थित हैं।
डीआईजी ने बताया कि सीमावर्ती गांवों में सशस्त्र राज्य पुलिस कर्मियों की तैनाती एक नियमित अभ्यास है।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच तनाव है और सिक्किम भी एक संवेदनशील सीमावर्ती राज्य है। (भाषा)