Weather Updates: IMD ने जारी की भारी बारिश की चेतावनी, राजस्थान में सामान्य से अधिक बारिश

Webdunia
सोमवार, 17 जुलाई 2023 (08:44 IST)
Weather Updates: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आज और कल भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अलर्ट मुताबिक पश्चिमी तट पर 17 जुलाई से बारिश की गतिविधि में वृद्धि होने की उम्मीद है जबकि पूर्वोत्तर भारत में कमी देखी जाएगी। 
 
मौसम विभाग ने अपने दैनिक बुलेटिन में भविष्यवाणी की कि हिमाचल प्रदेश में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश होगी जबकि उत्तराखंड और पूर्वी उत्तरप्रदेश में अगले 3 दिनों तक इसी तरह की बारिश होगी।
 
यूपी में 11 जिलों में बाढ़ का कहर : उत्तरप्रदेश के कई इलाकों में पिछले कई दिनों से जारी वर्षा और बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण राज्य के 11 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं, वहीं राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान वर्षाजनित हादसों में 4 लोगों की मौत हुई है।
 
खतरे के निशान से ऊपर नदियां : गंगा नदी कछला ब्रिज (बदायूं) में और यमुना नदी प्रयाग घाट (मथुरा) में खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इसके अलावा गंगा का जलस्तर नरौरा (बुलंदशहर) और फर्रुखाबाद में खतरे के 'लाल' निशान के नजदीक पहुंच गया है।
 
इटावा की तरफ बढ़ा यमुना का पानी : इस बीच इटावा से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से छोडे गए पानी के कारण यमुना नदी में आई बाढ़ का पानी दिल्ली मथुरा और आगरा होते हुए इटावा की तरफ बढ़ रहा है। इटावा में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है।
 
दिल्ली में कहर बरपाने के बाद यमुना ने अब उत्तरप्रदेश के मथुरा जिले में भी अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है। नदी के तटवर्ती आठ गांव बाढ़ से घिर गए हैं। ग्रामीणों को वहां से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के लिए राष्ट्रीय आपदा राहत बल (एनडीआरएफ) की दो टीम तैनात की गई है।
 
जिलाधिकारी पुलकित खरे ने बताया कि पिछले दिनों ऊपरी इलाकों में हुई लगातार वर्षा के चलते यमुना के जलस्तर में वृद्धि लगातार जारी है। रविवार दोपहर में मथुरा का जलस्तर खतरे के निशान से 72 सेमी ऊपर रहा।
 
116 गांवों में बाढ़ का खतरा : जिले में यमुना 116 गांवों के निकट से होकर गुजरती है और इन गांवों पर भी बाढ़ का खतरा मंडरा गया है। जिलाधिकारी के मुताबिक इनमें से नौहझील क्षेत्र के आठ गांव सर्वाधिक प्रभावित हुए हैं। उन गांवों में यमुना का पानी काफी अंदर तक पहुंच गया है।
 
उन्होंने ने बताया कि बाढ़ में फंसे हुए लोगों को आसपास के ऊंचाई वाले स्थानों और स्कूलों आदि सार्वजनिक भवनों में आश्रय दिया गया है। रविवार को ही करीब 400 लोगों को शरण स्थलों पर पहुंचाया गया है।
 
खरे ने बताया कि मथुरा तथा वृन्दावन के घाटों पर भी पानी ऊपर तक आ गया है। इसलिए यमुना किनारे घाटों व अन्य क्षेत्रों में मुनादी कराई जा रही है और अपील की जा रही है कि जलस्तर सामान्य होने तक वहां न जाएं, क्योंकि पैर फिसल जाने से कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है।
 
यमुना के बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ ने आगरा शहर में भी दस्तक दे दी है। यमुना के किनारे स्थित प्राचीन काली मंदिर और रेलवे अंडरपास में जलभराव शुरू हो गया है। यमुना के बढ़ते जलस्तर के कारण पानी अब शहर में घुसने लगा है।
 
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बाढ़ के कारण मथुरा गोकुल बैराज से एक लाख 16 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। पहले ही यमुना में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा था और अब यह और बढ़ गया है। ताजगंज मोक्षधाम में अब विद्युत शव दाह की व्यवस्था ही बची हुई है। लकड़ी से अंतिम संस्कार वाली जगह पर पानी भर गया है।
 
असम में 1 लाख लोग प्रभावित : असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है और 10 जिलों में लगभग 1 लाख लोग इससे प्रभावित हैं। रविवार को एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है।
 
बाढ़ से संबंधित असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार, सोनितपुर, चिरांग, दरांग, धेमाजी, डिब्रूगढ़, गोलाघाट, लखीमपुर, माजुली, शिवसागर और उदलगुड़ी जिलों में बाढ़ के कारण 98,800 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।
 
बुलेटिन में कहा गया है कि गोलाघाट की स्थिति सबसे खराब है जहां करीब 29,000 लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं, धेमाजी में 28,000 और शिवसागर 13,500 लोग प्रभावित हुए हैं। 
 
प्रशासन ने दो जिलों में 17 राहत शिविर स्थापित किए हैं, जहां 2,941 लोगों ने शरण ली है। इसके अलावा छह जिलों में 49 राहत वितरण केंद्र स्थापित किए गए हैं।
 
एएसडीएमए ने कहा कि फिलहाल 371 गांव पानी में डूबे हुए हैं और राज्य भर में 3,618.35 हेक्टेयर फसल क्षेत्र को नुकसान हुआ है।
 
बुलेटिन में कहा गया है कि बक्सा, बोंगाईगांव, चिरांग, कोकराझार, लखीमपुर, नलबाड़ी, उदलगुरी और तिनसुकिया में बड़े पैमाने पर कटाव देखा गया है।
 
सोनितपुर, धेमाजी, धुबरी, कोकराझार, मोरीगांव, बोंगाईगांव, चिरांग, गोलाघाट, लखीमपुर और माजुली जिलों में बाढ़ के पानी से तटबंध, सड़कें, पुल और अन्य बुनियादी ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
 
धुबरी, तेजपुर और नेमाटीघाट में ब्रह्मपुत्र नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है जबकि इसकी सहायक नदी दिखौ शिवसागर में उफान पर है।
 
राजस्थान में सामान्य से अधिक बारिश : मानसून के आगमन से लेकर अभी तक राजस्थान के 33 में से 32 जिलों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, सिर्फ एक जिला ऐसा है जहां 'अति अल्पवृष्टि' हुई है।
 
जल संसाधन विभाग की एक रिपोर्ट के अनुसार, जैसलमेर 'अति अल्पवृष्टि' की श्रेणी में है जहां सामान्य से 60 प्रतिशत या उससे भी कम बारिश हुई है।
 
जल संसाधन विभाग के अनुसार, राज्य की राजधानी जयपुर सहित 14 जिलों में असामान्य अतिवृष्टि हुई है जबकि इतने ही जिलों में अतिवृष्टि हुई है। 4 जिलों में सामान्य वर्षा दर्ज की गई है।
 
मानसून ट्रफ गंगानगर, हिसार, दिल्ली, सुल्तानपुर, गया, बांकुरा और फिर दक्षिण-पूर्व वार्डों से होकर पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। पश्चिमी विक्षोभ को उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे पंजाब पर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में देखा जाता है। दक्षिण गुजरात क्षेत्र पर चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है।
 
उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल पर चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है और ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुका हुआ है। 18 जुलाई के आसपास बंगाल की उत्तर-पश्चिमी खाड़ी के ऊपर एक और चक्रवाती परिसंचरण विकसित होने की उम्मीद है।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट के अनुसार आज सोमवार को छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, विदर्भ, पूर्वी राजस्थान कोंकण और गोवा, दक्षिण गुजरात, तटीय कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है।
 
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा के कुछ हिस्सों, सिक्किम, झारखंड, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, दिल्ली, केरल, विदर्भ और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो तीव्र बारिश हो सकती है। पंजाब, जम्मू-कश्मीर, उत्तरप्रदेश, बिहार, शेष पूर्वोत्तर भारत, आंध्रप्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और सौराष्ट्र और कच्छ में हल्की बारिश संभव है। (एजेंसियां)
 
Edited by: Ravindra Gupta

सम्बंधित जानकारी

Show comments

जरूर पढ़ें

India Pakistan Attack News : भारत के हमलों से डरकर बंकर में छिपे पाकिस्तान के PM शहबाज शरीफ

क्या है भारत का S-400 डिफेंस सिस्टम, जिसने पाकिस्तान के मिसाइल हमलों को किया नाकाम

या खुदा आज बचा लो, फूट-फूटकर रोने लगा सांसद, Pakistan में Operation Sindoor का खौफ

India Attacks On Pakistan : राजस्थान में जिंदा पकड़ा गया पाकिस्तानी JF-17 का पायलट

पाकिस्तान ने जम्मू को बनाया निशाना, मिसाइलों और ड्रोनों से किया हमला, भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब

सभी देखें

नवीनतम

India-Pakistan War : पंजाब के फिरोजपुर में एक पाकिस्तानी ड्रोन हमले में परिवार घायल

India Pakistan Tension : PM मोदी की हाईलेवल मीटिंग खत्म, तीनों सेनाध्यक्षों संग करीब 2 घंटे बनाई रणनीति

LIVE: पोखरण में गिराया गया ड्रोन, करतारपुर कॉरिडोर के पास धमाका, PAK की कायराना हरकत आज भी जारी

पाकिस्तान ने फिर किया ड्रोन अटैक, भारत ने दिया मुंहतोड़ जवाब

India-Pakistan War News : जम्मू से लेकर पठानकोट तक पाक ड्रोनों और मिसाइलों का हमला, तोफखाने से गोलीबारी, भारत का मुंहतोड़ जवाब

अगला लेख
More