Publish Date: Tue, 04 Sep 2018 (12:46 IST)
Updated Date: Tue, 04 Sep 2018 (12:50 IST)
अहमदाबाद (गुजरात)। आरक्षण आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल को विपक्षी पार्टियों से समर्थन मिलना जारी है। पाटीदारों के लिए आरक्षण और किसानों की कर्जमाफी को लेकर उनका अनिश्चितकालीन अनशन सोमवार को दसवें दिन में प्रवेश कर गया। गुजरात की भाजपा सरकार की ओर से इस मामले में हस्तक्षेप किया जाना बाकी है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता शक्तिसिंह गोहिल ने राज्य सरकार से अनुरोध किया है कि वे गतिरोध को खत्म करने के लिए हार्दिक पटेल से बातचीत करे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को किसानों की कर्ज माफी को लेकर पटेल को अपना समर्थन दिया।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 25 वर्षीय पाटीदार नेता से अपना उपवास समाप्त करने की अपील की है। हार्दिक पटेल नीत पाटीदार अनामत आंदोलन समिति ने घोषणा की है कि पाटीदारों के दो मुख्य धार्मिक संगठनों--उमिया माता संगठन और खोडलधाम ने भी पटेल को अपना समर्थन दिया है।
पिछले नौ दिनों में कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल और हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा समेत विभिन्न दलों के नेताओं और प्रतिनिधियों ने पटेल से उनके आवास पर मुलाकात की है और उन्हें अपना समर्थन देने की घोषणा की है। (भाषा)