Publish Date: Fri, 29 Jan 2021 (23:33 IST)
Updated Date: Fri, 29 Jan 2021 (23:36 IST)
पुणे। उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों समेत पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और बिहार में विभिन्न स्थानों पर अगले 24 घंटों में मामूली से बहुत घने कोहरे जबकि उत्तर मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में विभिन्न स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में ठंड का कहर बढ़ सकता है।
बिहार और मध्य प्रदेश के विभिन्न इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली सौराष्ट्र और पूर्वी राजस्थान में शीतलहर का अनुमान है। अगले 24 घंटों के दौरान झारखंड और ओडिशा के विभिन्न स्थानों पर गरज के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं।
विभाग ने बताया कि शुक्रवार को छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और तेलंगाना के कुछ स्थानों पर रात का तापमान 3.1 से 5.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से ऊपर है। वहीं ओडिशा, विदर्भ, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर 1.6 से 3.0 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां भी यह सामान्य से ऊपर रहा। देश के मैदानी इलाकों में हरियाणा के नारनौल में सबसे कम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पूर्व मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और झारखंड के विभिन्न स्थानों पर गुरुवार रात को गरज के साथ बौछारें पड़ीं। इसके अलावा सुबह 8.30 बजे पटियाला, अंबाला, करनाल, बरेली, सतना, रीवा और गोरखपुर में दृश्यता 25 मीटर, पंतनगर, ग्वालियर, वाराणसी, भागलपुर, धुबरी और अगरतला में 50 मीटर और नोगोंग, खजुराहो, पटना, कैलाशहर और दिल्ली के सफदरजंग में 200 मीटर रही।
शुक्रवार को उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम राजस्थान, सौराष्ट्र, कच्छ, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश के विभिन्न इलाकों में शीतलहर का कहर देखा गया। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर और झारखंड, बिहार, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी अदन कराईकल के विभिन्न स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ीं।
विभाग के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, गांगेय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तेलंगाना, रायलसीमा, कर्नाटक, केरल और माहे में मौसम शुष्क रहा।(वार्ता)
webdunia
Publish Date: Fri, 29 Jan 2021 (23:33 IST)
Updated Date: Fri, 29 Jan 2021 (23:36 IST)