Publish Date: Fri, 04 Jan 2019 (11:20 IST)
Updated Date: Fri, 04 Jan 2019 (11:28 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय माकन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। माकन ने शुक्रवार सुबह ट्वीट कर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को धन्यवाद देते हुए कहा, 2015 विधानसभा चुनाव के बाद से ही उन्हें दिल्ली के सभी नेताओं का सहयोग मिला, कठिन परिस्थितियों में ये आसान नहीं था। इसके लिए ह्रदय से आभार!
उन्होंने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि माकन ने गुरुवार को दिल्ली के प्रभारी पीसी चाको के साथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की थी। अजय माकन ने इस्तीफे को लेकर अपने स्वास्थ्य को मुख्य कारण बताया है।
गौरतलब है कि माकन का स्वास्थ्य पिछले काफी समय से खराब चल रहा था। अभी कुछ दिन पहले ही उनके इस्तीफे की खबरें आई थीं, हालांकि बाद में उन्होंने इसका खंडन किया था और कहा था कि वे इलाज करा रहे हैं। अब एक बार फिर उन्होंने इस बारे में ट्वीट किया।
दिल्ली की राजनीति में इन दिनों अचानक हलचल बढ़ी है तथा लोकसभा चुनाव से पहले इस प्रकार की अटकलें लगाई जा रही थीं कि दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी हाथ मिला सकते हैं। माकन आप के साथ दिल्ली में गठबंधन के पक्ष में नहीं थे और उनके इस्तीफे के बाद दोनों दलों के बीच समझौता होने की अटकलें लगाई जा रही हैं।