Dharma Sangrah

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
Sunday, 18 May 2025
webdunia

6 महीने बाद जेल से बाहर आए AAP सांसद संजय सिंह, कहा- जेल के ताले टूटेंगे और अरविंद केजरीवाल छूटेंगे

जेल से निकलते ही बोले संजय सिंह- यह जश्न मनाने का समय नहीं

Advertiesment
हमें फॉलो करें Sanjay Singh

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

नई दिल्ली , गुरुवार, 4 अप्रैल 2024 (00:05 IST)
Sanjay Singh came out of jail after 6 months : दिल्ली आबकारी नीति मामले में उच्चतम न्यायालय से जमानत मिलने के एक दिन बाद बुधवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद संजय सिंह तिहाड़ जेल से बाहर आए और कहा कि यह जश्न मनाने का नहीं बल्कि संघर्ष का समय है।
 
सिंह का अभिवादन करने के लिए जेल के बाहर पार्टी के अनेक कार्यकर्ता जमा हुए थे। जेल से बाहर आने के बाद सिंह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के लिए रवाना हो गए, जहां उन्होंने केजरीवाल की पत्नी सुनीता से मुलाकात की।
इसके बाद वह ‘आप’ के मुख्यालय पहुंचे और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। सिंह ने आरोप लगाया, देश में बड़े पैमाने पर अत्याचार हो रहा है, हम सभी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को जवाब देने का समय आ गया है, उसने देशभर के सभी भ्रष्टाचारियों को अपने पाले में कर लिया है।
 
आप सांसद ने कहा कि केजरीवाल इस्तीफा नहीं देंगे और दिल्ली की दो करोड़ आबादी के लिए काम करते रहेंगे। सिंह 13 अक्टूबर 2023 से राष्ट्रीय राजधानी की अति सुरक्षा वाली जेल में बंद थे। वह रात को आठ बजकर 11 मिनट पर द्वार संख्या तीन से बाहर आए। जेल अधिकारियों ने कहा कि जमानत प्रक्रिया पूरी करने के बाद सिंह को रिहा किया गया।
जेल के बाहर एकत्रित ‘आप’ के समर्थकों ने देखो देखो कौन आया, शेर आया, शेर आया और संजय सिंह जिंदाबाद के नारे लगाए। ‘आप’ कार्यकर्ताओं की नारेबाजी के बीच राज्यसभा सदस्य को फूलमाला पहनाई गई। कार्यकर्ताओं ने उन पर गुलाब के फूल भी बरसाए। सिंह की रिहाई के मद्देनजर जेल के बाहर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात थे। उन्होंने एक वाहन पर चढ़कर समर्थकों का अभिवादन किया।
 
आप नेता ने कहा, यह संघर्ष का समय है। अरविंद केजरीवाल जिंदाबाद। जेल में बंद हमारे नेता भी जल्द बाहर आएंगे। यह जश्न मनाने का नहीं बल्कि संघर्ष का समय है। जेल के ताले टूटेंगे, हमारे सारे नेता छूटेंगे। दिल्ली के कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज और आप के विधायक दुर्गेश पाठक जेल के बाहर मौजूद थे। भारद्वाज ने कहा कि पार्टी संघर्ष करती रहेगी।
उन्होंने बताया, संजय सिंह ने कहा है कि यह समय जश्न का नहीं संघर्ष का है क्योंकि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्‍येंद्र जैन समेत पार्टी के नेता अभी भी जेल में हैं। हमारे तीन नेता जेल में हैं इसलिए पार्टी संघर्ष करती रहेगी।
 
सिंह की रिहाई के तुरंत बाद ‘आप’ ने एक पोस्ट में कहा, शेर को बेड़ियों में कब तक जकड़ता तानाशाह! आखिरकार शेर को जेल से बाहर आना ही था। इससे पहले सिंह को वसंत कुंज के आईएलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दोपहर करीब 1:30 बजे अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्हें जमानत की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए वापस तिहाड़ जेल ले जाया गया।
मंगलवार को सिंह नियमित जांच के लिए आईएलबीएस गए थे लेकिन उन्हें भर्ती कर लिया गया। अस्पताल में ही उन्हें उनकी जमानत की खबर मिली। संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह ने कहा कि वह उनकी रिहाई का जश्न नहीं मनाएंगी क्योंकि केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पूर्व मंत्री सत्‍येंद्र जैन समेत पार्टी के नेता अब भी जेल में बंद हैं। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

संजय निरुपम को कांग्रेस ने 6 साल के लिए निकाला