Dharma Sangrah

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

PM मोदी का बड़ा ऐलान- इस साल देश में मनेगी दिवाली डबल दिवाली, GST की दरें भारी मात्रा में होंगी कम

Advertiesment
हमें फॉलो करें Prime Minister Narendra Modi

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

नई दिल्ली , शुक्रवार, 15 अगस्त 2025 (08:40 IST)
79th independence day 2025 live updates : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के ऐतिहासिक लालकिले से 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह देश को संबोधित कर रहे हैं। पीएम मोदी के भाषण की मुख्य बातें- ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान की नींद अभी भी  उड़ी हुई। 50-60 पहले सेमी कंडक्टर की भ्रूण हत्या हुई, 2047 तक 10 गुना बढ़ाएंगे परमाणु ऊर्जा, इस साल के अंत तक आएगी मेड इन इंडिंया चिप्स।  सिंधु समझौता एकतरफा था। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर हुआ भारत। भाषण का पल-पल का अपडेट-

09:03 AM, 15th Aug
प्रधानमंत्री ने कहा- मोटापा देश के लिए बड़ा संकट
पीएम ने कहा कि जो क्षेत्र पिछड़े हैं, हम उनको प्राथमिकता देना चाहते हैं। हमने पूर्वी भारत के विकास के लिए हजारों करोड़ के प्रोजेक्ट शुरू किए हैं। जीवन के हर क्षेत्र में विकास होना चाहिए। एक समय था, जब बच्चे खेलते थे तो माता-पिता पसंद नहीं करते थे। अब बच्चों के खेलने को माता-पिता पसंद करते हैं। ये शुभ संकेत है। हम देश में खेलो भारत नीति लेकर आए हैं, ताकि खेलों का विकास हो। हम खेलों का एक पूरा इकोसिस्टम विकसित करना चाहते हैं। इसे दूर-दराज के बच्चों तक भी पहुंचाने का काम कर रहे हैं। मोटापा देश के लिए संकट बनता जा रहा है। हमें मोटापे से बचना है। परिवार तय करे, खाने का तेल 10% कम आएगा और 10% कम यूज होगा।
 
उन्होंने कहा कि सरकार फाइलों में नहीं होनी चाहिए। सरकार लोगों की लाइफ में होनी चाहिए। कुछ लोगों को लगता है कि सरकार की योजनाएं तो पहले भी आती थीं, लेकिन हम सरकार की योजना को जमीन पर लाते हैं। कोई हकदार छूटे नहीं और सरकार उनके घर तक जाए, ऐसी हमारी कोशिश रहे। जनधन अकाउंट से आम व्यक्ति को यह विश्वास मिला था कि बैंक के दरवाजे हमारे लिए बंद नहीं हैं और मैं भी बैंक जा सकता हूं।' प्रधानमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत के जरिए जब हम वरिष्ठ नागरिकों के आरोग्य की चिंता करते हैं। आज पीएम आवास के जरिए चार करोड़ लोगों को घर मिलना उनका सपना पूरा होने जैसा है। रेहड़ी-पटरी वालों के लिए पीएम स्वनिधि योजना हर व्यक्ति की चिंता की योजना है। जमीन से उतरी हुई योजनाएं देश के लोगों के जीवन में बदलाव लाने का सशक्त माध्यम बन जाती हैं।'

प्रधानमंत्री ने कहा कि नारीशक्ति का लोहा हम सब मानते हैं। देश को बढ़ाने में नारीशक्ति छाई हुई हैं। आज गर्व के साथ नारी कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। NDA में पहली महिला कैडेट्स पासआउट हुईं, देश गर्व से भर गया। नमो ड्रोन दीदी की नई पहचान बनीं। हमने 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया था। इस लक्ष्य को हम समय से पूरा करने कर लेंगे। अब तक 2 करोड़ लखपति दीदी बन चुकी हैं।
 
प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना का ऐलान 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वतंत्रता दिवस पर देश के युवाओं के लिए एक नई योजना का ऐलान किया है। इसका नाम है प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना। प्रधानमंत्री ने इस मौके पर कहा कि देश के नौजवानों के लिए बड़ी खबर है। आज 15 अगस्त है, आज के ही दिन मेरे देश के युवाओं के लिए एक लाख करोड़ रुपए की योजना हम चालू कर रहे हैं, लागू कर रहे हैं। आज से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना लागू हो रही है। इस योजना के तहत निजी क्षेत्र में पहली नौकरी पाने वाले बेटे- बेटी को 15 हजार रुपए सरकार की तरफ से दिए जाएंगे। कंपनियों को भी जो ज्यादा रोजगार जुटाएगा, उन्हें प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह योजना करीब 3.5 करोड़ नौजवानों के लिए रोजगार के अवसर बनाएगी।

08:47 AM, 15th Aug
पीएम मोदी ने कहा- महत्वाकांक्षी जलवायु लक्ष्य निर्धारित समय से 5 वर्ष पहले ही हासिल किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि जहां एक ओर दुनिया ग्लोबल वार्मिंग को लेकर चिंतित है, वहीं भारत ने गैर-जीवाश्म आधारित ऊर्जा स्रोतों से अपनी कुल स्थापित बिजली क्षमता का 50 प्रतिशत प्राप्त करने का महत्वाकांक्षी जलवायु लक्ष्य निर्धारित समय से पांच वर्ष पहले ही हासिल कर लिया है। देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘जब आज दुनिया ग्लोबल वार्मिंग को लेकर चिंतित है, भारत ने तय किया था कि 2030 तक हम देश में स्वच्छ ऊर्जा का योगदान 50 प्रतिशत तक बढ़ा देंगे।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे देशवासियों की क्षमता और दृढ़ संकल्प देखिए कि हमने 2030 के लिए जो लक्ष्य निर्धारित किया था, उसे हमने 2025 में ही हासिल कर लिया, यानी निर्धारित समय से पांच साल पहले... हम दुनिया के प्रति उतने ही संवेदनशील हैं जितने प्रकृति के प्रति जिम्मेदार हैं।’’ गत 30 जून तक भारत की कुल स्थापित बिजली क्षमता 484.8 गीगावाट थी, जिसमें से 242.8 गीगावाट (या 50.08 प्रतिशत) गैर-जीवाश्म-ईंधन स्रोतों से प्राप्त होती है, जिनमें नवीकरणीय ऊर्जा, जलविद्युत और परमाणु ऊर्जा शामिल हैं।

08:41 AM, 15th Aug
दीवाली पर GST की दरें होंगी कम, पीएम मोदी का ऐलान
स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी लाल किले से 12वीं बार संबोधित करते हुए कहा कि  हमें नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म के लिए टास्क फोर्स बनाने का फैसला किया है। हमारा उदेश्य अब हर तरह का सुधार है। इस दिवाली में आपकी डबल दिवाली करने वाला हूं। बड़ा तोहफा देशवासियों को मिलने वाला है। समय की मांग है कि जीएसटी की दरों की समीक्षा हो। हम नई जेनरेशन का जीएसटी रिफॉर्म लेकर आ रहे हैं। सामान्य लोगों के लिए टैक्स कम होगा। जीएसटी की दरें भारी मात्रा में कम होंगी। 
 
उन्होंने कहा कि हमारी जिम्मेदारी है कि हम किसी की लकीर को छोटी करने में अपनी ताकत बर्बाद न करें। हमें पूरी ऊर्जा के साथ अपनी लकीर बड़ी करनी है। हम अगर अपनी लकीर लंबी करते हैं तो दुनिया हमारा लोहा मानेगी। आज जब वैश्विक परिस्थितियों में आर्थिक स्वार्थ दिनों दिन बढ़ रहा है तब समय की मांग है कि हम उन संकटों के लिए रोते न बैठें, हम हिम्मत के साथ अपनी लकीर लंबी करें। अगर हमने यह रास्ता चुन लिया तो फिर कोई स्वार्थ हमें अपनी चंगुल में नहीं फंसा सकता है।'
 
 
प्रधानमंत्री ने लालकिले की प्राचीर से संबोधित करते हुए कहा कि मैं सभी राजनीतिक दलों और नेताओं को कहना चाहता हूं कि ये किसी राजनीतिक दल का एजेंडा नहीं है। भारत सभी का है। हम वोकल फॉर लोकल को सभी भारतीयों का मंत्र बनाएं। भारत के लोगों के पसीने से बनी भारत की चीजें, जिनमें हमारे लोगों की मेहनत की महक हो, हम वही चीजें खरीदें। देश देखते ही देखते बदल जाएगा।'
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं देश के युवाओं से कहता हूं कि अपने आइडियाज को कभी मरने मत देना। मैं आपके साथ खड़ा हूं। आपका साथी बनने के काम करने के लिए तैयार हूं। जो युवा मैन्युफैक्चरिंग के बारे में सोचते हैं वो अगर सरकार के नियमों में बदलाव चाहते हैं तो मुझे बताइए। हम एक भी पल अब गंवाना नहीं चाहते। जब सरकार और मैं स्वयं आपके साथ हूं तो हम नया इतिहास बना सकते हैं। साथियों आज नेशनल मैन्युफैक्चरिंग मिशन पर तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि MSMEs का लोहा दुनिया मानती है। हम कॉम्प्रिहेंसिव, इंटीग्रेटेड विकास की राह पर जाना चाहते हैं। हमें विश्व बाजार में अपने सामर्थ्य का लोहा मनवाना है तो हमें क्वालिटी में नई ऊंचाइयों पर जाना होगा। दुनिया क्वालिटी चाहती है। हमारे प्रोडक्शन की कॉस्ट कैसे कम हो, इस पर काम करें। दाम कम, लेकिन दम ज्यादा हो, इस भाव को लेकर आगे बढ़ना है।

08:27 AM, 15th Aug
भारत का धन बाहर क्यों जाए, भारत का अपना स्पेस स्टेशन होगा, लालकिले से बोले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि विमेन सेल्फ हेल्प ग्रुप ने कमाल कर दिया है। उनके प्रोडक्ट्स दुनिया में जाने लगे हैं। मैंने मन की बात में खिलौनों की बात की थी। आज मेरा देश खिलौने एक्सपोर्ट करने लग गया है। देश के लोगों हर रुकावटों से मुक्ति मिले तो लोग कर सकते हैं। दोस्तों, अपने आइडियाज को मरने मत देना। ये आने वाली पीढ़ी को रास्ता दिखाएगा। आइए, इनीशिएटिव लीजिए। सरकार के नियमों में बदलाव करना है, मुझे बताइए। 2047 दूर नहीं है, हम एक भी पल गंवाना नहीं चाहते। ये आगे बढ़ने का अवसर है। सरकार और मैं आपके साथ हूं। 
 
हम बना सकते हैं नया इतिहास
हम नया इतिहास बना सकते हैं।' उन्होंने कहा कि EV के लिए जिन चीजों के जरूरत है, वे हमारी होनी चाहिए। कोविड के समय काफी चीजों के लिए विदेशों पर निर्भर थे। इसके बाद कई चीजें भारत के युवाओं ने बनाईं। हमने वैक्सीन बनाई। आज लाखों स्टार्टअप्स देश को इनोवेशन को ताकत दे रहे हैं। मुद्रा योजना से करोड़ों युवा, बेटियां अपना खुद का कारोबार कर रहे हैं। दूसरों को भी अपने पैरों पर खड़े होने की ताकत दे रहे हैं।'
 
उन्होंने कहा कि 'तकनीक के चलते कुछ देश शिखर तक पहुंचे हैं। हम समुद्र मंथन की ओर जा रहे हैं। नेशनल डीप वाट मिशन जल्द शुरू होगा। समंदर में गैस और तेल के भंडार छिपे हुए हैं। हम ऑपरेशन गगनयान की तैयारी कर रहे हैं। स्पेस सेक्टर में तेजी से काम हो रहा है। हम स्पेस में अपना स्पेस सेंटर बनाएंगे। उन्होंने कहा कि मैं लाल किले के प्राचीर से देश के युवाओं, इंजीनियरों और पेशेवरों का आह्वान करता हूं कि क्या हमारा अपना मेड इन इंडिया फाइटर जेट इंजन नहीं हो सकता। होना चाहिए। लड़ाकू विमानों के लिए अपना इंजन होना चाहिए।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि क्या हमें रिसर्च और पेटेंट में और ताकत नहीं लगानी चाहिए? मैं नौजवानों से कहता हूं कि बायो-3 समझकर कदम उठाइए। हमें आपका सहयोग चाहिए। आज IT का युग है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक सब कुछ हमारा हो। आज दुनिया को हमने दिखा दिया है कि UPI के जरिए 50% ट्रांजैक्शंस हो रहे हैं। भारत का धन बाहर क्यों जाए।' फर्टिलाइजर्स के लिए भी हमें दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता है। देश के उद्योग जगत, प्राइवेट सेक्टर को कहना चाहता हूं कि फर्टिलाइजर्स का भंडार भर दें। अपना फर्टिलाइजर तैयार करें, दूसरों पर निर्भर न रहें।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ISS से लौट चुके हैं। स्पेस में भी अपने बलबूते पर आगे बढ़ रहे हैं। भारत का भी अपना स्पेस स्टेशन होगा, भारत इस पर काम कर रहा है। 140 करोड़ भारतवासी 2047 में विकसित भारत के संकल्प को परिपूर्ण करने के लिए ताकत से जुटे हैं। भारत आज हर सेक्टर आधुनिक इकोसिस्टम तैयार कर रहा है। यही हमें हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाएगा। मैं अपने युवा, टैलेंटेड यूथ, हर के हर विभाग को आह्वान है कि हमारा अपना मेड इन इंडिया जेट इंजन होना चाहिए।' उन्होंने कहा कि हमारे लिए भी क्रिटिकल मिनरल में आत्मनिर्भरता अनिवार्य है। रक्षा, टेक्नोलॉजी, मेडिकल हो, इनकी अहम भूमिका है। नेशनल क्रिटिकल मिशन लॉन्च किया है। 1200 से ज्यादा स्थानों पर खोज का अभियान चल रहा है। क्रिटिकल मिनरल की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

08:13 AM, 15th Aug
50-60 पहले सेमी कंडक्टर की भ्रूण हत्या हुई, 2047 तक 10 गुना बढ़ाएंगे परमाणु ऊर्जा, इस साल के अंत तक आएगी मेड इन इंडिंया चिप्स, लालकिले से पीएम मोदी का भाषण
2047 तक 10 गुना बढ़ाएंगे परमाणु ऊर्जा
प्रधानमंत्री ने लाल किले की प्रचारी से कहा कि  'हम पेट्रोल-डीजल, गैस को दूसरे देशों से लाखों रुपए खर्च करके लाना पड़ता है। हमने बीड़ा उठाया। 11 साल में सोलर एनर्जी 30 गुना बढ़ चुकी है। हम नए डैम बना रहे हैं, ताकि हाइड्रोपावर का विस्तार हो और क्लीन एनर्जी मिले। ग्रीन हाइड्रोजन को लेकर इन्वेस्टमेंट हो रहा है। न्यूक्लियर एनर्जी पर भी हम बड़े इनीशिएटिव ले रहा है। 10 रिएक्टर तेजी से काम कर रहे हैं। 2047 तक हम परमाणु ऊर्जा 10 गुना तक बढ़ाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं।'
 
इस साल के अंत तक आएगी मेड इन इंडिंया चिप्स
पीएम मोदी ने कहा कि आत्मनिर्भरता की दम पर सेना बिना रुके अपना काम करती रही। डिफेंस में हम आत्मनिर्भरता का लक्ष्य लेकर चले, उसके नतीजे दिखने लगे हैं। 21वीं सदी टेक्नोलॉजी ड्रिवन है। जिन देशों ने टेक्नोलॉजी में महारत हासिल की, वे शिखर पर पहुंच गए। हम जब टेक्नोलॉजी के आयामों की बात करता हूं। मैं यहां किसी सरकार की आलोचना नहीं कर रहा। देश में 50-60 पहले सेमी कंडक्टर को लेकर विचार शुरू हुआ। आज सेमीकंडक्टर जब दुनिया की ताकत बन गया, 50-60 पहले वो फाइलें अटक-लटक गई। सेमीकंडक्टर के विचार की भ्रूण हत्या हो गई। कई देश सेमीकंडक्टर में महारत हासिल करके राज कर रहे हैं। आज हम उस बोझ से मुक्त होकर सेमीकंडक्टर के काम को आगे बढ़ाया है। इसी साल के अंत तक मेड इन इंडिया चिप्स भारत में आ जाएगी।
 
 
लालकिले से बोले पीएम मोदी- गुलामी ने हमें निर्धन बनाया 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आजादी के लिए कई लोगों ने अपनी जिंदगी खपा दी। उनके मन में एक ही भाव था- स्वाभिमान। गुलामी ने हमें निर्धन बना दिया। गुलामी ने हमें निर्भर भी बना दिया। दूसरों पर हमारी निर्भरता बढ़ती गई। आजादी के बाद करोड़ों का पेट भरना चुनौती थी, लेकिन हमारे किसानों ने अन्न के भंडार भर दिए। किसी भी देश के आत्मसम्मान की कसौटी आत्मनिर्भरता है। जो दूसरों पर ज्यादा निर्भर रहता है, उसकी आजादी पर बड़ा प्रश्नचिह्न लग जाता है।'
 
मोदी ने कहा कि जब निर्भरता की आदत लग जाए, यह खतरे से कम नहीं है। आत्मनिर्भरता का नाता सिर्फ आयात-निर्यात तक सीमित नहीं है। आत्मनिर्भरता का नाता हमारे सामर्थ्य से जुड़ा है। जब ये खत्म होने लगती है तो सामर्थ्य भी क्षीण हो जाता है। हमारे सामर्थ्य को बचाए, बनाए और बढ़ाए रखने के लिए आत्मनिर्भर होना अनिवार्य है। ऑपरेशन सिंदूर में आत्मनिर्भरता की ताकत देखी। दुश्मन को पता भी नहीं चला कि कौन सा हथियार उन्हें खत्म कर रहा है।'

07:55 AM, 15th Aug
लालकिले से बोले पीएम मोदी- न्यूक्लियर ब्लैकमेल नहीं सहेंगे
 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि हमारा देश कई दशकों से आतंक को झेलता आया है। देश के सीने को छलनी कर दिया गया है। हमने न्यू नॉर्मल प्रस्थापित किया है। आतंकियों और उनको पालने-पोसने वालों को हम अलग-अलग नहीं मानेंगे। भारत ने तय कर लिया है कि न्यूक्लियर की धमकियों को हम सहने वाले नहीं है। न्यूक्लियर ब्लैकमेल लंबे वक्त से चला आ रहा है। अब ब्लैकमेल नहीं सहेंगे। आगे भी अगर दुश्मनों ने ये कोशिश जारी रखी, सेना तय करेगी, वह जो समय , तौर-तरीके, लक्ष्य निर्धारित करेगी, हम अमल में लाने वाले हैं। मुंहतोड़ जवाब देंगे। भारत ने तय कर लिया है कि खून और पानी एकसाथ नहीं बहेंगे।

07:49 AM, 15th Aug
लालकिले से बोले पीएम मोदी, पाकिस्तान की नींद अभी भी उड़ी हुई
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जवानों को सैल्यूट करने का अवसर मिला। वीर जवानों ने दुश्मनों को उनकी कल्पना से परे सजा दी है। पहलगाम में सीमा पार से आकर आतंकियों ने जैसा कत्लेआम किया, धर्म पूछकर लोगों का मारा, पत्नियों के सामने, बच्चों के सामने लोगों के मारा। पूरा देश आक्रोश से भरा था। पूरा विश्व इस संहार से चौंक गया था। ऑपरेशन सिंदूर उसी आक्रोश की अभिव्यक्ति है। 22 तारीख के बाद हमने हमारी सेना को खुली छूट दे दी। रणनीति, लक्ष्य वे तय करें, समय भी वे चुनें। हमारी सेना ने वो करके दिखाया, जो कई दशकों तक हुआ नहीं था। सैकड़ों किमी दुश्मन की धरती पर घुसकर आतंकी इमारतों को खंडहर बना दिया। पाकिस्तान की नींद अभी भी उड़ी हुई है।
 
मोदी ने कहा- प्रकृति हम सबकी परीक्षा ले रही है
पीएम ने कहा कि आज यहां सरपंच, लखपति दीदी समेत कई लोग हैं। मैं यहां लघु भारत के दर्शन कर रहा हूं। प्रकृति हम सबकी परीक्षा ले रही है। पिछले दिनों प्राकृतिक आपदाएं, बादलों का आपदा न जानें कितनी आपदाएं झेल रहे हैं। पीड़ितों के साथ हमारी संवेदनाएं हैं। राज्य सरकारों के साथ हम बचाव के काम में जुटे हुए हैं।

07:45 AM, 15th Aug
370 की दीवार गिराकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लालकिले की प्रचारी से कहा कि आजादी का पर्व संकल्पों का पर्व है। एकता की भावना को देश मजबूती दे रहा है। संविधान प्रकाश स्तंभ बन देश को प्रकाश दे रहा है। ये सामूहिक सिद्धियों का पर्व है। लाल किले पर आज कई विशेष महानुभाव उपस्थित हैं। हमने धारा 370 की दीवार गिराकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि दी है।

07:40 AM, 15th Aug
PM मोदी ने लालकिले की प्राचीर से कहा- ये महापर्व 140 करोड़ देशवासियों का संकल्प है
प्रधानमंत्री मोदी लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराने के बाद देश को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने देश को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश के 140 करोड़ देशवासी तिरंगे के रंग में रंगे हुए हैं। भारत के हर कोने से चाहे रेगिस्तान हो या हिमालय की चोटियां, समुंदर के तट हो या घनी आबादी वाले क्षेत्र हर तरफ से एक ही गूंज है, एक ही जयकारा है- हमारी प्राण से भी प्यारी मातृभूमि का जयगान है।

07:28 AM, 15th Aug
लालकिले की प्राचीर से पीएम मोदी ने फहराया तिरंगा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लालकिला पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने परेड का निरीक्षण किया।

07:22 AM, 15th Aug
 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजघाट पहुंचे हैं। जहां उन्होंने महात्मा गांधी को नमन किया।  
 
PM @narendramodi pays tribute to Mahatma Gandhi,
at Rajghat on #IndependenceDay. #IndependenceDayWithDD #IndependenceDay2025 pic.twitter.com/XNJaVHwdfz
 
— DD News (@DDNewslive) August 15, 2025

07:10 AM, 15th Aug
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि आज का दिन हमारे देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है जब हम अपने वीर स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानी और उनके द्वारा प्रदत्त आज़ादी का जश्न मनाते हैं। हमें न केवल अपने इतिहास को याद रखना चाहिए, बल्कि यह सोचने का भी समय है कि हम अपने देश को कैसे एक विकसित और सशक्त राष्ट्र बना सकते हैं।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

अमित शाह के उम्मीदवार बालियान पर क्यों भारी पड़े भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूड़ी?