Publish Date: Fri, 21 Sep 2018 (13:49 IST)
Updated Date: Fri, 21 Sep 2018 (13:51 IST)
श्रीनगर। आतंकवादियों की धमकी और लगातार हमलों के बीच जम्मू कश्मीर के 6 पुलिसकर्मियों ने नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। इनमें एसपीओ भी शामिल हैं।
गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह 2 एसपीओ और एक पुलिस कांस्टेबल की आतंकवादियों ने हत्या कर दी थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शोपियां, कुलगांव और पुलवामा के इन पुलिसकर्मियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने इस्तीफे का ऐलान किया है।
जिन पुलिसकर्मियों ने इस्तीफे की घोषणा की है, उनमें तेंगाव के नवाज अहमद लोन, सामनू के शब्बीर अहमद ठोकर, हिपोरा बटगुंड के तजल्लाह हुसैन, कापरान के उमर बशीर, डंगाम के इरशाद अहमद बाबा और वाहीबग के नसीर अहमद शामिल हैं।
इनमें इरशाद बाबा पुलिस कांस्टेबल हैं, जबकि शेष सभी एसपीओ हैं। उल्लेखनीय है कि आतंकवादी एसपीओ और पुलिसकर्मियों को ज्यादा निशाना बना रहे हैं। पिछले कुछ समय से बड़ी संख्या में कश्मीरी एसपीओ और पुलिसकर्मी शहीद हुए हैं।