Publish Date: Thu, 30 Apr 2020 (00:09 IST)
Updated Date: Thu, 30 Apr 2020 (16:11 IST)
जिनेवा। संयुक्त राष्ट्र की श्रम इकाई अंतरराष्ट्रीय श्रमिक संगठन ने कोरोना वायरस महामारी के कारण लोगों की जाने वाली नौकरियों का पूर्वानुमान एक बार फिर से बढ़ा दिया है। संगठन के अनुसार अप्रैल से जून के दौरान महज 3 महीने में ही करीब 30.5 करोड़ लोगों की पूर्णकालिक नौकरियां समाप्त हो सकती हैं।
संगठन ने पिछले पूर्वानुमान में कहा था कि इस महामारी के कारण जून तिमाही में हर सप्ताह औसतन 48 घंटे की कार्यावधि वाले 19.5 करोड़ पूर्णकालिक नौकरियों का नुकसान हो सकता है। संगठन ने कहा कि महामारी पर काबू पाने के लिए दुनिया भर में लॉकडाउन के बढ़ाए जाने से उसे अनुमान में संशोधन करना पड़ा है।
संगठन ने कहा कि इस महामारी के कारण अनौपचारिक क्षेत्र के 1.6 अरब कामगारों के समक्ष जीवनयापन का खतरा उत्पन्न हो चुका है, क्योंकि महामारी के कारण उनके रोजी-रोटी के साधन बंद हो चुके हैं। यह पूरी दुनिया के 3.3 अरब कार्यबल का करीब आधा है। (भाषा)