Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

ऐसे काम करती है आतंकियों की स्लीपर सेल...!

Advertiesment
हमें फॉलो करें Delhi bomb blast
webdunia

डॉ.ब्रह्मदीप अलूने

, गुरुवार, 13 नवंबर 2025 (17:13 IST)
मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के महिदपुर जैसे छोटे से कस्बें में करीब तीन दशक पहले सैकड़ों ट्रकें होती थी। यहां घर घर ट्रक रखने का रिवाज हो गया था। ये ट्रकें मुम्बई,अलीगढ़,कोलकाता से लेकर  चेन्नई तक जाती थी।  मतलब इस छोटे से कस्बें से ट्रकों की आवाजाही पूरे देश में होती थी और इनका माल देश की चारों दिशाओं तक पहुंचाया जाता था। 1990 के दशक में सिमी का जाल देश भर में बढ़ता गया और इसका केंद्र उज्जैन जिले का यहीं महिदपुर था। 2008 में महिदपुर से कुछ ही दूरी पर उन्हेल में सिमी का प्रशिक्षण केंद्र पकड़ा गया,महिदपुर से कुछ दूरी पर झिरनिया के एक  कुएं से हथियारों का जखीरा मिला और उसका सम्बन्ध 1993 में मुम्बई में हुए आतंकी हमलों से था। इन धमाकों के मुख्य अभियुक्त दाऊद इब्राहम को आज तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। 

महिदपुर का ही रहने वाला था सिमी प्रमुख सफदर नागोरी और उन्हेलं का रहने वाला था आमिल परवेज। आमिल परवेज को 9 फरवरी 2009 को केरल पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार किया था। इस पर केरल  के वेगमन हिल्स पर आतंकी ट्रेनिंग कैंप लगाने का आरोप  था। दरअसल महिदपुर,झिरनिया या उन्हेंल जैसे कस्बें और गांव तक आतंक की स्लीपर सेल को तैयार करने का सिलसिला पाकिस्तान की उस नीति का हिस्सा माने जाते है जिसे ऑपरेशन टुपैक कहा नाम दिया गया था। ऑपरेशन टुपैक  पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा शुरू किया था जिसका उद्देश्य कश्मीर और अन्य क्षेत्रों में धार्मिक अलगाव की भावनाएं भड़काकर भारत को अस्थिर करना था। भारत की विविधता का फायदा उठाकर आईएसआई ने आतंकी और अलगाववादी संगठनों,धर्म गुरुओं और कट्टरपंथी ताकतों से हाथ  मिलाया। इस तरह वे  भारत के कई क्षेत्रों में स्लीपर सेल बनाने में कामयाब हो गये।  
 
बेहद पढ़ी लिखी डॉक्टर शाहीन, अट्ठाइस वर्ष की आयशा जान और  महज  वर्ष की सादिया। इन तीनों महिलाओं का संबंध खतरनाक हथियारों और गहरी आतंकी साजिश से रहा है। खास बात यह है की सुरक्षा एजेंसियों की पकड़ में आने से पहले किसी को अंदाजा भी नहीं था की अच्छे परिवारों से सम्बन्ध रखने वाली यह शख्स आतंकियों की स्लीपर सेल का हिस्सा है।  दरअसल वैश्विक स्तर पर पेशेवर और कट्टरवादी आतंकी संगठनों को वह महारत हासिल है की वे सामान्य जीवन जीने वाले लोगों की ऐसी पौध तैयार करते है  जिनका निजी जीवन और आतंकवादी भूमिका अलग- अलग होता है।  ये लोग वर्षों तक सामान्य नागरिकों की तरह रहकर  छिपे रहते हैं। उनका उद्देश्य होता है आदेश मिलने पर अचानक आतंकी गतिविधियां अंजाम देना। ये सेल आतंकवाद का सबसे खतरनाक और पकड़ में न आने वाला रूप माने जाते हैं। लंबी अवधि तक छिपकर रहकर किसी समय सक्रिय होने वाले कार्यकर्ता या ग्रुप का मनोविज्ञान किस तरह काम करता है,यह जानना हैरान कर देता है।  ये सामान्य जीवन जीने वाले लोग होते है।  
 
मसलन डॉ शाहिदा के पूर्व पति का कहना है की वह बेहद उदार समाज का हिस्सा बनकर रहती थी और इस्लामिक कट्टरता जैसी कोई चीज़ उसमें थी ही नहीं जबकि  वास्तविकता इससे अलग निकली।  2018 में  पुलिस ने 28  वर्ष की आयशा जान को 20 ग्रेनेड के साथ श्रीनगर के बाहरी इलाके लावापोरा से पकड़ा था। आयशा आतंकियों को हथियार व गोला-बारूद सप्लाई करती थी और उसके पास से खतरनाक हथियार बरामद भी हुए थे। 2018  में ही गणतंत्र दिवस को निशाना बनाने की साजिश रचने वाली सादिया को दक्षिण कश्मीर के  बिजबेहरा  गांव के एक पेईंग गेस्ट से पकड़ा गया था। पुणे के यरवदा के प्रतिष्ठित घरोंदा सोसाइटी में अपने परिवार के साथ रहने वाली सादिया पर सुरक्षा एजेंसियां नजर रखे हुए थी। वर्ष 2015 में महज 15 वर्ष की सादिया महाराष्ट्र एटीएस के राडार पर आई जब उसने लगातार सोशल साईट पर आईएस से नजदीकियां बढ़ाना प्रारम्भ किया था। फेसबूक,व्हात्सप्प,टेलीग्राम,ट्विटर  जैसी सोशल साइटों से जुडकर सादिया आतंक का नेटवर्क तैयार कर रही थी। उसके फेसबुक मित्रों में फिलीपींस,सऊदी अरब,केन्या,श्रीलंका और भारत के कई राज्यों के लोग शामिल थे।
 
भारत में कई बार ऐसे स्लीपर सेल उजागर हुए हैं, जो विदेशी आतंकी संगठनों से जुड़े पाए गए। ये नेटवर्क समाज में घुल-मिलकर स्थानीय युवाओं को गुमराह भी करते हैं। सुरक्षा एजेंसियां डिजिटल निगरानी,खुफ़िया जानकारी और समुदाय की सहायता से इन्हें पकड़ने का प्रयास करती हैं। राजनीतिक,धार्मिक और सामाजिक पहचान का फायदा उठाकर ये लोग दूसरों से जुड़ते है और उनमें घुलमिल जाते है। यह समूह-आधारित पहचान बाद में हिंसा-समर्थन के लिए मनोवैज्ञानिक आधार देती है। य सेल का इस्तेमाल  जासूसी,आतंकवाद या अन्य गुप्त अभियानों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इस रणनीति का उद्देश्य पुलिस या अन्य विरोधी समूहों के लिए उन्हें पकड़ना मुश्किल बनाना है, क्योंकि वे किसी भी प्रकार के असामान्य व्यवहार में शामिल नहीं होते हैं।
 
मजदूर,रसोइये,ट्रक ड्रायव्हर से लेकर डॉक्टर और प्रोफेसर तक,स्लीपर सेल के सदस्य अक्सर गुप्त तरीके से एक दूसरे के साथ संपर्क में रहते हैं,जिससे किसी को भनक नहीं लगती और वे अपनी योजना पर आगे बढ़ते रहते है। इसमें स्थानीय लोग शामिल हो सकते है जिससे देश,काल और स्थितियां समझने में आसानी होती है तथा आवश्यक जानकारी और समर्थन भी मिल जाता है। स्लीपर सेल के पास हथियार, विस्फोटक और अन्य उपकरण उपलब्ध होते है  जिससे मौका मिलते ही वे हमलों के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं या पहले से प्राप्त कौशल का अभ्यास कर सकते हैं।
 
भारत में ऐसी कई आतंकी घटनाएं हुई है जब आतंकी हमलों के पहले आतंकी संभावित लक्ष्यों की पहचान कर कई महीनों तक वहां रुके,घूम फिर कर आवश्यक जानकारियां  जुटाई। सुरक्षा प्रोटोकॉल और गतिविधियों के पैटर्न का अध्ययन किया जिससे उन्हें संभावित हमलों के लिए सही समय और स्थान चुनने में मदद  मिली। स्लीपर सेल की कार्यप्रणाली यह दर्शाती है कि आतंकवादी समूह अपनी योजनाओं को अंजाम देने के लिए गुप्तता और समय का सही उपयोग कैसे करते हैं। यह उनकी सक्रियता को पहचानने और रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक चुनौती बनाता है। देश में कई कुख्यात आतंकी हमलों में शामिल जैश-ए-मोहम्मद,लश्कर-ए-तैयबा,सिमी,इंडियन मुजाहिदीन जैसे आतंकी  समूहों ने विभिन्न राज्यों में स्लीपर सेल बनाएं है।  ये बेहद सुनियोजित तरीके से स्थानीय युवाओं को प्रभावित करते हैं और उन्हें आतंकवादी गतिविधियों के लिए भर्ती करते हैं। कुछ स्लीपर सेल जातीय या धार्मिक पहचान का उपयोग करके अपने लक्ष्यों को साधने का प्रयास करते हैं। ये अक्सर एक विशेष समुदाय के भीतर से सदस्यों को शामिल करते हैं। 
 
आतंकी संगठन लंबे समय तक योजना बनाकर ऐसे नौजवानों को निशाना बनाते हैं जिनके मन में  धार्मिक असंतोष,बेरोज़गारी या पहचान का संकट होता है। भारत जैसे बहुधार्मिक और बहु भाषाई देश में धार्मिक गुरुओं के आह्वान पर हजारों लोगों का अचानक इकट्ठा हो जाना,बेहद खतरनाक संकेत है।   यह देखने में आया है की स्लीपर सेल में धर्मगुरुओं का खास रोल होता है जो धार्मिक अत्याचार की कपोल कल्पित कथाओं के जरिए गुमराह करते है। समर्थकों को धार्मिक भावनाओं के नाम पर भड़काया जाता है। प्रचार और झूठे धार्मिक संदेशों के ज़रिए उन्हें यह विश्वास दिलाया जाता है कि वे किसी पवित्र मिशन का हिस्सा हैं। इस तरह धर्म के नाम पर अंधभक्ति और कट्टरता फैलाकर युवाओं को हिंसा के रास्ते पर धकेल दिया जाता है। ऑनलाइन कट्टरपंथ ने स्लीपर सेल को मजबूत किया है जिससे आतंकी संगठनों के लिए दूरियां कोई मायने नहीं रखती।
 
यह  तथ्य भी सामने आएं है की स्लीपर सेल का किसी एक संगठन से सम्बन्ध नहीं होता। तहरीक-ए-अहया-ए-उम्मत,खैर-ए-उम्मतट्रस्ट, तहरीक-तलाबा-ए-अरबिया, तहरीक तहफ्फुज़-ए-शायर-ए-इस्लाम और वहदत-ए-इस्लामी। भारत सरकार ने इन संगठनों को सिमी का मुखौटा कहा है। जाहिर है प्रतिबंधों से बचने के तरीके से लेकर पहचान छुपाने में माहिर स्लीपर सेल, खतरनाक आतंकी हमलों में सबसे बड़ी मददगार साबित हुई है। स्लीपर सेल,भारत ही नहीं बल्कि फ़्रांस,ब्रिटेन और अमेरिका जैसे  देशों में भी सुरक्षा चुनौती बना हुआ है।

(इस लेख में व्यक्त विचार/विश्लेषण लेखक के निजी हैं। 'वेबदुनिया' इसकी कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेती है।)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Jawaharlal Nehru Jayanti 2025: एक गुलाब, एक राष्ट्र निर्माता: बच्चों के प्यारे 'चाचा नेहरू' की कहानी