Publish Date: Wed, 17 Oct 2018 (09:52 IST)
Updated Date: Wed, 17 Oct 2018 (09:58 IST)
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस में चुनाव से ठीक पहले लगता है एक बार फिर सबकुछ सही नहीं चल रहा है। पहले टिकटों को लेकर कांग्रेस के बड़े नेताओं में दूरियों की खबर सुर्खियों में आईं तो अब यह खबर खूब चर्चा में है कि दिग्विजय सिंह पार्टी में अपनी उपेक्षा से नाराज हो गए हैं। मंगलवार को दिग्विजय सिंह का एक वीडियो सामने आया, जिसमें दिग्विजय सिंह ये कहते नजर आए कि उनके चुनाव प्रचार करने से कांग्रेस के वोट कट जाते हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद कांग्रेस में हड़कंप मच गया।
कमलनाथ से लेकर ज्योतिरादित्य सिंधिया तक दिग्विजय सिंह को मनाने में जुट गए। कमलनाथ ने कहा कि वो खुद दिग्विजय सिंह से बात करेंगे तो ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिग्विजय सिंह को पार्टी का वरिष्ठ नेता बताया, लेकिन जब इसके बाद भी बात नहीं बनी तो दिग्विजय को मनाने के लिए खुद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आगे आए। ग्वालियर में चुनाव प्रचार करने पहुंचे राहुल गांधी ने दिग्विजय सिंह को खुद ग्वालियर बुलाया। बताया जा रहा है कि खुद राहुल गांधी ने दिग्विजय से पूरे मसले पर चर्चा की।
इसके बाद दिग्विजय राहुल गांधी के साथ ही ग्वालियर से दिल्ली चले गए। वहीं सूत्रों के हवाले से ये भी खबर है कि आज दिल्ली में राहुल गांधी प्रदेश कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं को एकसाथ बैठाकर इस पूरे मामले को सुलझाने की कोशिश करेंगे। वहीं आज होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में सोनिया गांधी के सामने भी इस पूरे मामले पर चर्चा हो सकती है।
About Writer
विशेष प्रतिनिधि
राजनीतिक, सामाजिक एवं समसामयिक मुद्दों पर देश के अलग-अलग हिस्सों से वेबदुनिया के विशेष प्रतिनिधियों की टीम प्रकाशन के लिए कंटेंट प्रेषित करती है। ....
और पढ़ें