Publish Date: Sat, 17 Nov 2018 (14:59 IST)
Updated Date: Sat, 17 Nov 2018 (15:03 IST)
इंदौर। मध्यप्रेदश विधानसभा चुनाव से पहले राम मंदिर का मुद्दा भाजपा के लिए मुश्किल का सबब बन सकता है। लोगों का मानना है कि अयोध्या में राम मंदिर के मामले में भाजपा ने लोगों को धोखा दिया है।
इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक एक के नगीन नगर इलाके में लोगों ने अपने घरों के बाहर पोस्टर लगाए हैं, जिनमें लिखा है कि राम मंदिर के नाम भाजपा ने हमको सिर्फ धोखा दिया है। अब सिर्फ हिन्दू महासभा पर ही भरोसा है। ये पोस्टर किसी राष्ट्रप्रेमी संघ द्वारा लगाए गए हैं।
इंदौर शहर में इस समय पांचों विधानसभाओं में भाजपा के ही विधायक हैं। इस तरह के पोस्टर बता रहे हैं कि पार्टी की विधानसभा चुनाव में राह आसान नहीं होगी। यदि समय रहते भाजपा ने मतदाताओं में व्याप्त इस असंतोष को दूर नहीं किया तो चुनाव में उसके लिए मुश्किल पैदा हो सकती है।
इंदौर-1 में सुदर्शन गुप्ता वर्तमान में भाजपा विधायक है साथ ही पार्टी ने एक बार फिर उन पर ही भरोसा जताया है, जबकि उनके सामने कांग्रेस ने संजय शुक्ला को उतारा है। शुक्ला भाजपा के वरिष्ठ नेता विष्णु प्रसाद शुक्ला के बेटे हैं।