Publish Date: Wed, 12 Dec 2018 (12:34 IST)
Updated Date: Thu, 04 Jul 2019 (15:50 IST)
नई दिल्ली/ भोपाल। भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राकेश सिंह ने बुधवार को कहा कि राज्य में पार्टी के लिए अभी सब खत्म नहीं हुआ है, क्योंकि कांग्रेस को स्पष्ट जनादेश नहीं मिला है। सिंह ने ट्वीट किया कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस को स्पष्ट जनादेश नहीं मिला है। कांग्रेस के सत्ता में आने की अनिश्चितता बरकरार है।
उन्होंने दावा किया है कि कई निर्दलीय और अन्य उम्मीदवार भाजपा के संपर्क हैं। पार्टी का एक शिष्टमंडल भविष्य में राज्य के विकास के मुद्दों पर चर्चा के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात कर सकता है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भोपाल में कहा कि हमने राज्यपाल को लिखा है कि सरकार बनाने के लिए हमें आमंत्रित किया जाए।
इसके बाद सिंह का ट्विटर पर यह संदेश आया। भाजपा प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव ने कहा कि कांग्रेस का दावा वैध नहीं है, क्योंकि उसने यह दावा उस समय किया जब मतगणना जारी थी। मध्यप्रदेश में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। कांग्रेस ने 114 सीटों पर विजय हासिल की है जबकि भाजपा के खाते में 109 सीटें गई हैं।
विधानसभा की 230 सदस्यों वाली सदन का जादुई आंकड़ा 116 है और उलट-पलट एवं गठजोड़ के प्रयास जारी हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बताया कि कुछ घंटे पहले कमलनाथ ने राज्यपाल को लिखे पत्र में कहा कि 'जनादेश का प्रधानमंत्री और भाजपा को संदेश है कि जनता उनके कार्यों से खुश नहीं है... हमने मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भाजपा को शिकस्त दी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार देर शाम ट्वीट करके कहा कि उनकी पार्टी ने नम्रता के साथ जनादेश स्वीकार किया है। मोदी ने कहा कि जीत और हार जीवन का हिस्सा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मनाना है कि चुनाव के बाद गठबंधन और अन्य हस्तक्षेप से कांग्रेस के सत्ता में आने का सपना चकनाचूर हो सकता है।