Publish Date: Wed, 28 Nov 2018 (13:29 IST)
Updated Date: Wed, 28 Nov 2018 (13:33 IST)
मुरैना। मध्यप्रदेश के चंबल अंचल के मुरैना जिले में आज प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यहां कुछ दलों के प्रत्याशियों को नजरबंद कर दिया।
मुरैना से भाजपा प्रत्याशी एवं राज्य सरकार के मंत्री रूस्तम सिंह, कांग्रेस प्रत्याशी रघुराज सिंह, बसपा के बलवीर सिंह डंडोतिया और एक-दो अन्य प्रत्याशियों को यहां विश्राम गृह में नजरबंद कर दिया गया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी इनके आसपास हैं।
मुरैना जिले के सुमावली विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के एदल सिंह कंसाना, भाजपा के बैजनाथ सिंह, सपा के सोबरन सिंह और बसपा के मानवेंद्र सिंह को भी यहां विश्रामगृह में रखा गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि इन प्रत्याशियों के क्षेत्र में घूमने से कानून व्यवस्था की स्थिति बन सकती है, इसलिए उन्हें एहतियात के तौर पर यहां विश्रामगृह में रखा गया है।