Maharashtra Rain: मुंबई में भारी बारिश का कहर, नासिक में बादल फटने की चेतावनी
स्कूल कॉलेज बंद, त्रयंबकेश्वर और सप्तऋंगी मंदिर भी आज नहीं खुलेंगे
Publish Date: Tue, 07 Jul 2026 (09:59 IST)
Updated Date: Tue, 07 Jul 2026 (10:26 IST)
मिली जानकारी के अनुसार, बीएमसी ने मंगलवार को भी स्कूल और कॉलेज बंद रखने की घोषणा की है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और महाराष्ट्र फिलहाल गंभीर मौसम की स्थिति का सामना कर रहे हैं। पिछले तीन से चार दिनों से बारिश जारी है और इसके थमने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज विशेष रूप से रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मुंबई, पालघर और पुणे में भी ऐसी ही स्थिति है।
नासिक में बादल फटने की चेतावनी
इस बीच, मौसम विभाग की चेतावनी के बाद नासिक प्रशासन अब नासिक को लेकर अधिक चिंतित है। पालखेड़ सिंचाई उप-मंडल और पिंपलगांव सहित नासिक और आसपास के इलाकों में आज भारी बारिश और बादल फटने जैसी स्थिति बनने वाली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अनुमान जताया है कि राज्य में बुधवार, 8 जुलाई तक इसी तरह की भारी बारिश जारी रहेगी।
मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण आपातकाल जैसी स्थिति पैदा हो गई है। लोगों को जरूरी काम के बिना घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। इसके अलावा, उन्हें स्ट्रीट लाइट, बिजली के खंभों और पुरानी इमारतों से दूर रहने को कहा गया है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर मंगलवार को भी स्कूल और कॉलेज बंद रखने का निर्णय लिया है।
About Writer
नृपेंद्र गुप्ता
नृपेंद्र गुप्ता पिछले 21 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। प्रिंट एवं डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य का अनुभव। वर्तमान में वेबदुनिया की न्यूज टीम में सहायक संपादक के रूप में कार्यरत हैं।
अनुभव : नृपेंद्र गुप्ता 2 दशक से ज्यादा समय से प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया में कार्य....
और पढ़ें