Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

प्रियंका गांधी के 50% कमीशन वाले ट्‍वीट पर बवाल, इंदौर के संयोगितागंज थाने में शिकायत

हमें फॉलो करें Priyanka Gandhi
इंदौर/भोपाल , शनिवार, 12 अगस्त 2023 (16:14 IST)
Complaint against Priyanka Gandhi in Indore: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के मध्यप्रदेश सरकार के खिलाफ 50 प्रतिशत कमीशन वाले ट्‍वीट पर बवाल मच गया है। भाजपा ने इंदौर के संयोगितागंज थाने में प्रियंका के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। 
 
भाजपा कार्यकर्ताओं ने संयोगिता थाने में एकत्रित होकर कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि कांग्रेस  भ्रामक ट्‍वीट के माध्यम से भाजपा सरकार की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रही है। कार्यकर्ताओं ने पुलिस को इस मामले में लिखित शिकायत दी है। 
 
कानूनी कार्रवाई की चेतावनी : दूसरी ओर, प्रियंका के आरोप को झूठा बताते हुए मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस नेता से आरोप का समर्थन करने वाले सबूत मांगे और चेतावनी दी कि राज्य सरकार और भाजपा के सामने कार्रवाई के विकल्प खुले हैं। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी को उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखने वाले उस व्यक्ति या ठेकेदार का नाम बताना चाहिए जिसका जिक्र उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में किया है।
 
प्रदेश भाजपा प्रमुख वीडी शर्मा ने आरोप लगाने के लिए सोशल मीडिया पोस्ट में एक फर्जी पत्र का हवाला देने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। शर्मा ने कहा कि यह एक साजिश है और भाजपा इस पोस्ट को लेकर साइबर अपराध के तहत कार्रवाई करेगी। उन्हें बताना होगा कि उन्हें यह पत्र कहां से मिला। आपने (प्रियंका गांधी) एक फर्जी पत्र के आधार पर ना केवल मध्य प्रदेश, बल्कि देश को गुमराह किया है।
 
कांग्रेस ने कहा- साबित कर देंगे : मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा कि उनकी पार्टी यह साबित कर देगी कि भाजपा सरकार भ्रष्ट है। उन्होंने कहा कि भाजपा को वास्तविकता स्वीकार करनी चाहिए, लेकिन सत्तारूढ़ दल राजनीतिक आतंक पैदा कर रहा है। यह असंवैधानिक तरीके अपना रहा है। हम साबित कर देंगे कि सरकार भ्रष्ट है। मध्य प्रदेश में इस साल नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं।
क्या कहा था प्रियंका गांधी ने : प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को एक्स, जिसे पहले ट्विटर के नाम से जाना जाता था, पर दावा किया कि मध्य प्रदेश के ठेकेदारों के एक संघ ने उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर शिकायत की है कि उन्हें 50 प्रतिशत कमीशन देने के बाद ही भुगतान मिलता है।
 
उन्होंने पोस्ट में आरोप लगाया कि कर्नाटक की भ्रष्ट भाजपा सरकार 40 प्रतिशत कमीशन वसूलती थी। मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़कर आगे निकल गई है। कर्नाटक की जनता ने 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया अब मध्य प्रदेश की जनता 50 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार को सत्ता से हटाएगी। (एजेंसी/वेबदुनिया) 
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

ममता का पीएम मोदी पर पलटवार, भाजपा नहीं चाहती देश में गरीब जीवित रहें