Publish Date: Thu, 05 Mar 2020 (21:31 IST)
Updated Date: Thu, 05 Mar 2020 (21:53 IST)
मध्यप्रदेश में कमलनाथ सरकार बड़े संकट में फंस गई है। पिछले तीन दिनों से गायब 4 कांग्रेस विधायकों में से एक हरदीप सिंह डंग के इस्तीफा देने से बड़ा सियासी भूचाल आ गया है। तेजी से बदले घटनाक्रम के बीच हरदीप सिंह डंग ने अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री कमलनाथ दोनों को भेजा है। हरदीप सिंह डंग ने अपना इस्तीफा देने के पीछे पार्टी में अपनी उपेक्षा का आरोप लगाया है। वहीं कांग्रेस विधायक बिसाहूलाल सिंह की गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज कर ली है।
गुमशुदा विधायक बेंगलुरू में : मध्य प्रदेश में हॉर्स ट्रेडिंग की खबरों के बीच कांग्रेस के तीन विधायक बीते तीन दिनों से गायब है। कांग्रेस के सीनियर विधायक बिसाहूलाल सिंह,रघुराज सिंह कंसाना, हरदीप सिंह डंग और सुरेंद्र सिंह शेरा के बंगलुरु में होने की खबरें सामने आ रही थी। मीडिया से बात में सुरेंद्र सिंह शेरा ने खुद अपने बंगलुरु में होने की पुष्टि की थी।
विधायक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज : उधर तेजी से बदलते घटनाक्रम के बीच भोपाल में टीटी नगर थाने में बिसाहूलाल सिंह की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज उनके परिजनों ने कराई है। कमलनाथ सरकार के कैबिनेट मंत्री लाखन सिंह ने विधायक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि कर दी है। विधायक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने से पहले तेजी से बदलते घटनाक्रम में मध्य प्रदेश के डीजीपी को आनन-फानन में हटा दिया गया।
शिवराज ने दिल्ली में डाला डेरा : मध्य प्रदेश में जारी सियासी उठापटक के बीच भाजपा में मंथन का दौर जारी है। भोपाल में प्रदेश भाजपा दफ्तर से लेकर दिल्ली तक बैठकों का दौर जारी है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को अपने जन्मदिन पर पहले से तय कार्यक्रम को निरस्त करते हुए दिल्ली में रहे। भाजपा से जुड़े सूत्र बताते हैं कि पार्टी का आलाकमान मध्य प्रदेश की सियासत पर लगातार नजर बनाए हुए है। वहीं तेजी से बदलते घटनाक्रम के बीच नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव के भी दिल्ली रवाना होने की खबरें भी सामने आ रही है।