Publish Date: Mon, 21 Jan 2019 (13:19 IST)
Updated Date: Mon, 21 Jan 2019 (13:30 IST)
मध्यप्रदेश में अगले दो दिनों में तेज ठंड पड़ने की आशंका मौसम विभाग ने जताई है। विभाग के मुताबिक मध्यप्रदेश में हल्की बारिश भी हो सकती है। विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में कश्मीर में सीजन की सबसे ज्यादा बर्फबारी और बारिश हो सकती है जिसका असर मैदानी राज्यों पर पड़ेगा। इन राज्यों में ठंड और बढ़ सकती है।
जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ का असर मध्यप्रदेश में देखा गया है। इससे तापमान में घटबढ़ हुई। दिन में तापमान में कोई परिवर्तन देखने को नहीं मिला, जबकि रात के तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पश्चिमी विक्षोभ भारतीय उपमहाद्वीप के उत्तरी इलाकों में सर्दियों के मौसम में आने वाले ऐसे तूफान को कहते हैं।
कश्मीर पहुंचने वाला सिस्टम सीजन का सबसे स्ट्रांग सिस्टम होने का अनुमान है। इस दौरान कश्मीर में इस सीजन की सबसे ज्यादा बर्फबारी और बारिश हो सकती है। इसका असर मध्यप्रदेश पर भी पड़ेगा। खबरों के अनुसार क्षेत्र में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने की भी संभावना है। घना कोहरा होने से सर्दी भी बढ़ सकती है।
दिल्ली में कोहरा, रेलगाड़ियों के आगमन में विलंब : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह कोहरा छाया रहने से कई रेलगाड़ियों के आगमन में विलंब हुआ। राजधानी में सुबह कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग के अनुसार सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 95 प्रतिशत रही। दिन में आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश का अनुमान है और अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
राजधानी में वायु की गुणवत्ता बहुत खराब दर्ज की गई लेकिन रविवार के मुकाबले इसमें कुछ सुधार देखा गया है। आज सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक 360 दर्ज किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो इस मौसम के औसत से सात डिग्री अधिक रहा।