Publish Date: Wed, 09 Aug 2023 (18:33 IST)
Updated Date: Wed, 09 Aug 2023 (18:38 IST)
भोपाल। चंबल के बीहड़ो में आतंक का पर्याय रहे पूर्व डकैत मलखान सिंह विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल हो गए है। मंगलवार को भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की मौजदूगी में मलखान सिंह अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए। इस मौके पर मलखान सिंह ने कहा कि पहले अन्याय के खिलाफ बंदूक उठाई गई थी और अब अत्याचार के खिलाफ बिगुल बजा दिया गया है।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद पूर्व डकैत मलखान सिंह भाजपा पर काफी हमलावर नजर आए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं पर अत्याचार और अन्य आपराधिक मामले बड़े हैं इसके अलावा घोषणाओं के अलावा जनता को कुछ भी नहीं मिला है, यहीं कारण है कि वह आज कांग्रेस में शामिल हो रहे है। मलखान सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव में वह कमलनाथ को एक बार फिर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ प्रचार करेंगे।
चंबल की राजनीति में पूर्व डकैत मलखान सिंह को भाजपा समर्थक के तौर पर माना जाता था और इस बार विधानसभा चुनाव में टिकट के दावेदार थे। पिछले विधानसभा चुनाव में मलखान सिंह ने भाजपा के पक्ष में चुनाव प्रचार किया था। कांग्रेस में शामिल होने से पहले मलखान सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से काफी प्रभावित थे और पूरे क्षेत्र में भाजपा का खुलकर समर्थन किया था।
नब्बे के दशक में चंबल के बीहड़ो में डाकू मलखान सिंह आतंक का पर्याय थे। जमीनी विवाद में बंदूक थामने वाले मलखान सिंह के आतंक से पुलिस भी खौफ खाती थी। मलखान सिंह को डकैतों का राजा कहा जाता था। मलखान सिंह की पहचान चंबल के बीहड़ों में एक बागी के रूप में होती थी। मलखान सिंह पर एक समय 94 आपराधिक मामले दर्ज थे।