Publish Date: Sat, 10 Dec 2022 (09:47 IST)
Updated Date: Sat, 10 Dec 2022 (10:55 IST)
देवास। देवास जिले के बरोठा थाना क्षेत्र से एक लोमहर्षक समाचार सामने आया है। यहां एक पिता ने अपने अपने ही 15 साल के बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। बेटे का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने अपने पिता को एक महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था।
यह मामला देवास जिले के बरोठा थाना क्षेत्र का है। जहां पिता ने पहले तो अपने बेटे के दोनों हाथ काट दिए, फिर गला घोंटकर उसे मार डाला। पुलिस ने आरोपी पिता और महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 2 दिसंबर की रात को बेटे ने एक महिला के साथ अपने पिता को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था और इसके बाद से महिला लगातार दबाव डाल रही थी कि या तो इसे रास्ते से हटाओ या मैं आत्महत्या कर लूंगी।
इसके बाद आरोपी पिता ने उसी महिला के साथ मिलकर साजिश रची और 5 तारीख की रात 3 बजे अपने बेटे को खेत पर लेकर गया। आरोपी पिता ने पहले तो वहां बेटे के दोनों हाथ काट दिए ताकि वह विरोध न कर सके। फिर इसके बाद बेटे के गले में रस्सी का फंदा डालकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Edited by: Ravindra Gupta