Biodata Maker

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

जानलेवा कफ सिरप से पीड़ित बच्चों को देखने नागपुर पहुंचे CM डॉ. मोहन यादव, परिजनों से बोले किसी भी दोषी को नहीं जाएगा बख्शा

Advertiesment
हमें फॉलो करें Chief Minister Dr. Mohan Yadav

विकास सिंह

, गुरुवार, 9 अक्टूबर 2025 (19:01 IST)
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को नागपुर स्थित एम्स, जीएमसी और न्यू हेल्थ सिटी अस्पताल पहुंचकर छिंदवाड़ा और बैतूल जिले के किडनी संक्रमित बच्चों के स्वास्थ्य का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रभावित बच्चों का अच्छे से अच्छा उपचार हो इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने नागपुर के एम्स, शासकीय मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल और न्यू हेल्थ सिटी हॉस्पिटल पहुंचकर बच्चों के स्वास्थ्य को देखा तथा संबंधित चिकित्सकों से कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के दृष्टिगत सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित किया जाये।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि प्रतिबंधित कफ सिरप का उपयोग किए जाने के मामले से संबंधित किसी भी दोषी को मध्य प्रदेश सरकार नहीं छोड़ेगी। अभी भी तमिलनाडु की दवा कंपनी के जिम्मेदार लोगों को दबोचा गया है। उनकी गिरफ्तारी हुई है। मध्य प्रदेश सरकार मानवीय और प्रशासनिक दोनों आधार पर कार्रवाई जारी रखेगी।
webdunia

तमिलनाडु सरकार से नहीं मिल रहा सहयोग -मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि तमिलनाडु में निर्मित दवा के उपयोग से ही बच्चों की मृत्यु की बात प्रमाणित हुई है। मध्य प्रदेश पुलिस ने दोषी लोगों की गिरफ्तारी की है। दुर्भाग्य की बात है कि तमिलनाडु सरकार की तरफ से अपेक्षित सहयोग प्राप्त नहीं हो रहा है। तमिलनाडु के ड्रग कंट्रोलर को  दवा कंपनी की नियमानुसार जांच करना चाहिए। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा रेंडम सैंपल लेकर आवश्यक जांच करवाई गई और छिंदवाड़ा के चिकित्सक सहित ड्रग कंट्रोलर और अन्य दोषियों का निलंबन भी किया गया है। जो उस कंपनी की प्रतिबंधित की गई दवा रोगियों के लिए लिख रहे थे उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि तमिलनाडु सरकार को नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई करना चाहिए। अब तक की जांच में मूल रूप से मैन्युफैक्चरिंग के स्तर पर त्रुटि की बात सामने आई है। यह दवा बच्चों को दी गई जिसके फलस्वरुप जीवन की क्षति हुई।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा जैसे ही तमिलनाडु सरकार की रिपोर्ट आई, मध्य प्रदेश सरकार ने इस कफ सिरप पर प्रतिबंध लगाया। दवा कंपनी के मालिक को भी गिरफ्तार किया गया। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी दोषी को भी नहीं छोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने उन लोगों को भी आड़े हाथों लिया जो सिर्फ वक्तव्य जारी करते हैं। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने प्रश्न किया  कि वो कौन लोग हैं जिन्होंने इस कंपनी को ड्रग लाइसेंस देने का कार्य किया ? मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि छोटी सी जगह पर किस तरह फैक्ट्री संचालित है? बिना जांच के लाइसेंस कैसे रिन्यू किया गया? इस दवा कंपनी को दोबारा उद्योग  लाइसेंस कैसे दिया गया? कोई भी विपक्ष के बड़े नेता जाकर चाहें तो सब चीजों का अवलोकन कर सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश के बच्चे और परिवार तो पीड़ित पक्ष हैं। हमारे प्रदेश के बच्चों की मृत्यु हुई है और इस संवेदनशील प्रकरण में मध्य प्रदेश सरकार किसी भी दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने में पीछे नहीं हटेगी।

 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

चांदी 6,000 रुपए की छलांग के साथ 1.63 लाख रुपए प्रति किलोग्राम के नए शिखर पर