मध्य प्रदेश में बस सफर हुआ महंगा, 2 रुपए प्रति किलोमीटर से देना होगा किराया
सरकार ने बढ़ाया यात्री किराया, स्लीपर और एसी बसों के लिए देने होंगे ज्यादा दाम
Publish Date: Wed, 05 Aug 2026 (18:01 IST)
Updated Date: Wed, 05 Aug 2026 (18:06 IST)
भोपाल। मध्य प्रदेश में अब बस का सफर महंगा हो गया है। राज्य सरकार ने राज्य में चलने वाली सभी प्रकार की यात्री बसों के किराए में बदलाव करते हुए नई दरें लागू कर दी हैं। सरकारी राजपत्र में जारी अधिसूचना के अनुसार, सामान्य बसों के मूल किराए के साथ-साथ रात्रि सेवा, डीलक्स, स्लीपर और एसी बसों के किराए में बढ़ोत्तरी कर दी गई है। । नए आदेश के तहत अब साधार बस का किराया 2 रुपये किलोमीटर होगा, इसके साथ ही यात्रा के किसी भी हिस्से के लिए न्यूनतम किराया 10 रुपये देना अनिवार्य होगा। अब तक बस का किराय 1.25 रुपए प्रति किलोमीटर था।
कैटेगरी के हिसाब से कितनी हुई बढ़ोतरी?
सामान्य बसों के किराए में 2 रुपए किलोमीटर
रात्रि बस सेवा: सामान्य किराए से 10% अधिक
डीलक्स बस (नॉन ए.सी.): सामान्य किराए से 25% अधिक
स्लीपर बस: सामान्य किराए से 40% अधिक
डीलक्स बस (ए.सी.): सामान्य किराए से 50% अधिक
सुपर लग्जरी कोच (ए.सी.): सामान्य किराए से 75% अधिक
दरअसल प्रदेश निजी बस ऑपरेटर लंबे समय से डीजल, स्पेयर पार्ट्स, बीमा, टैक्स और कर्मचारियों के वेतन में लगातार बढ़ रही लागत का हवाला देकर किराया बढ़ाने की मांग कर रहे थे। बस संचालकों ने मांग पूरी नहीं होने पर 7 अगस्त से आंदोलन और अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी थी। सरकार और बस ऑपरेटरों के बीच हुई चर्चा के बाद किराया संशोधन पर सहमति बनी थी। किराया बढ़ने का सीधा असर रोजाना बस से सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। विशेष रूप से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और ग्रामीण क्षेत्रों से शहरों तक आने-जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। वहीं, बस संचालकों का कहना है कि बढ़ी हुई परिचालन लागत के कारण किराया संशोधन आवश्यक हो गया था और इससे परिवहन सेवाओं का संचालन सुचारु रखने में मदद मिलेगी।
About Writer
भोपाल ब्यूरो
वेबदुनिया भोपाल ब्यूरो मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों के प्रकाशन का प्रमुख केंद्र है। भोपाल ब्यूरो से प्रदेश की सियासत, अपराध, व्यापार, खेल, धर्म-संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरें सटीकता और निष्पक्षता के साथ प्रकाशित की जाती हैं।....
और पढ़ें