Publish Date: Mon, 14 Jan 2019 (22:26 IST)
Updated Date: Mon, 14 Jan 2019 (22:32 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश में दमोह के पथरिया से बीएसपी विधायक रामबाई जबसे विधायक चुनी गई हैं, तब से ही वे विवादों से घिरी हैं। दबंग छवि वाली विधायक का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें विधायक मैडम बटिईगढ़ कृषि मंडी में तौलाई करने वाले कर्मचारी को गाली देते नजर आ रही हैं।
जब विधायक रामबाई से वायरल वीडियो के बारे में पूछा गया तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जनता के साथ गलत करने वालों को गाली भी देंगे और मारेंगे भी। दरअसल, बसपा विधायक कृषि उपज मंडी के औचक दौरे पर पहुंची थीं, जहां पर किसानों ने मंडी कर्मचारियों के अवैध वसूली की शिकायत की थी।
इसके बाद विधायक ने मौके पर कर्मचारियों को फटकार लगाई। यही नहीं, वे एक कर्मचारी को गाली देते हुए अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने ले गईं। उन्होंने बटिईगढ़ कृषि मंडी के कर्मचारियों को हिदायत दी कि वे सुधर जाएं, क्योंकि अब प्रदेश में सरकार बदल गई है। किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं होगा।