Publish Date: Fri, 15 Jun 2018 (14:40 IST)
Updated Date: Fri, 15 Jun 2018 (14:45 IST)
इंदौर। आध्यात्मिक गुरु भय्यू महाराज ने आत्महत्या जैसा बड़ा कदम क्यों उठाया, इस मामले की पुलिस गहराई से जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस महाराज की दूसरी पत्नी डॉ. आयुषी के अतीत को भी टटोल रही है।
पुलिस पूरी बारीकी उन बिन्दुओं की भी जांच कर रही है, जिनसे खुलासा हो सके कि आखिर महाराज की शादी आयुषी से कैसे हुई और उसका अतीत क्या है। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने भंवरकुआं स्थित परमहंस हॉस्टल पहुंचकर कुछ जानकारियां जुटाई हैं। शादी से पहले आयुषी इसी हॉस्टल में रहती थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह भी कहा जा रहा है कि आत्महत्या वाले दिन भय्यू महाराज के चेहरे पर तनाव नजर नहीं आ रहा था।
महाराज के लिए 9 साल की दोस्ती तोड़ी : बताया जा रहा है कि भय्यू महाराज से शादी से पहले आयुषी की विवेक नामक शख्स से दोस्ती थी। विवेक के साथ उसकी करीब 9 साल पुरानी दोस्ती थी, जो कि शिवपुरी से ही थी। विवेक ने अपनी कंपनी में आयुषी की नौकरी भी लगाई थी। भय्यू महाराज से शादी के लिए उसने विवेक से दोस्ती तोड़ दी थी। शादी से पहले आयुषी महाराज के आश्रम में एकाउंटेंट की नौकरी करती थी। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन विवेक इंदौर में ही था।
आयुषी ने हॉस्टल छोड़ते समय भी महाराज से शादी की बात छिपाई थी। जानकारी के मुताबिक उसने हॉस्टल छोड़ते समय बताया कि वह घर यानी शिवपुरी जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच में जुटी है कि आयुषी ने पीएचडी की डिग्री कब और कैसे ली। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आत्महत्या से पहले महाराज ने जहरीला पदार्थ तो नहीं खाया था।