Publish Date: Fri, 16 Sep 2016 (11:22 IST)
Updated Date: Fri, 16 Sep 2016 (11:39 IST)
इंदौर। अनंत चतुर्दशी पर शुक्रवार रात जब झांकियां का कारवां सड़क पर उतरा तो उसे देखने लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। जहां तक नजर पड़ रही थी चारों ओर भीड़ ही भीड़ नजर आ रही थी। झांकियों को निहारने के लिए लोग रातभर सड़कों पर जमे रहे।
चित्र सौजन्य : धर्मेंद्र सांगले
झांकियों के साथ ही करतब दिखाते अखाड़ों ने भी लोगों का जमकर मनोरंजन किया। अखाड़े में महिलाओं ने भी शस्त्र कला का प्रदर्शन किया। युवतियां मलखंभ के प्रदर्शन ने लोगों की दाद बंटोरी। जगह-जगह मंचों से झांकियों और अखाड़ों का सम्मान किया गया।
छह मिल, आईडीए, नगर निगम सहित 14 संस्थाओं की 30 से ज्यादा झांकियां आठ किलोमीटर लंबे मार्ग पर लोगों का दिल जीतने निकली थीं।
शाम 7 बजे खजराना गणेश की पहली झांकी निकली, जिसमें गणपति बप्पा अभिषेक करते हुए दिखाई दे रहे थे। जबकि सबसे पीछे हुकमचंद मिल की झांकी थी।
100 से ज्यादा अखाड़े अपने लाव-लश्कर के साथ झांकियों के साथ चल रहे थे। इस बार अखाड़ों में बड़ी संख्या में युवतियों ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया।
झांकियों को निहारने के लिए रातभर लोग सड़कों पर डटे रहे। क्या महिलाएं, क्या बच्चें सभी ने उत्साह के साथ रतजगा किया।