Publish Date: Sat, 04 Jan 2020 (07:46 IST)
Updated Date: Sat, 04 Jan 2020 (07:49 IST)
सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले में शुक्रवार रात एक निजी विमानन अकादमी का प्रशिक्षु विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे उसमें सवार 2 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घने कोहरे की वजह से पायलट रनवे का अंदाजा नहीं लगा पाया और विमान गलत जगह पर लैंड हो गया।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने बताया कि 'चाइम्स एकेडमी' का विमान जब धाना हवाई पट्टी पर उतरने का प्रयास कर रहा था तो उसी समय यह नजदीक के खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया तथा इस हादसे में प्रशिक्षक अशोक मकवाना (58) और प्रशिक्षु पीयूष सिंह (28) की मौत हो गई। यह हादसा करीब 10 बजे हुआ।
उन्होंने कहा कि शायद खराब मौसम इस दुर्घटना की वजह हो सकता है। 'चाइम्स एकेडमी' के स्थानीय प्रशासक राहुल शर्मा ने इस घटना की पुष्टि की। एकेडमी के सूत्रों के अनुसार यह विमान सेसना 172 था जिसमें शीशे का कॉकपिट था और यह रात में उड़ान भरने की सुविधाओं से लैस था।