Publish Date: Sat, 09 Jan 2021 (20:34 IST)
Updated Date: Sat, 09 Jan 2021 (20:36 IST)
इंदौर। अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण में करीब 400 करोड़ रुपए का खर्च आ सकता है। मंदिर निर्माण के लिए राशि जुटाने के लिए मालवा क्षेत्र में 22 हजार संगठन और एक लाख से ज्यादा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे।
संघ पदाधिकारी विनीत नवाथे और विनय पिंगले ने राम मंदिर निर्माण को लेकर जानकारी दी। चर्चा के दौरान संघ की ओर से बताया गया, अभी राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण को लेकर चंदा एकत्रित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह चंदा नहीं है, बल्कि आस्था और सहयोग है। मंदिर निर्माण के लिए कई बड़े उद्योगपति राशि दे रहे हैं। वे और राशि देने के लिए भी तैयार हैं, लेकिन हम चाहते हैं कि मंदिर निर्माण में हर देशवासी का सहयोग मिले। इसी कारण से यह अभियान चला रहे हैं।
उन्होंने बताया, मालवा प्रांत में 14 जनवरी से अभियान शुरू किया जाएगा। 10 दिनों तक चलने वाले अभियान में 22 हजार संगठन और एक लाख से ज्यादा कार्यकर्ता शामिल रहेंगे। अभियान के तहत घर-घर जाकर सहयोग राशि ली जाएगी।
लंबे समय तक रामजन्म भूमि को लेकर चले विवाद पर कहा कि यह जो लड़ाई थी, वह सभ्यता और संस्कृति की लड़ाई थी। देपालपुर में रैली पर हुए पथराव को लेकर संघ पदाधिकारियों ने कहा कि हमने यहां 22 रैलियां निकालीं, जिसमें से 2 रैलियों में ही ऐसी घटना हुई है। कुछ उपद्रवी हैं, जिन्होंने ऐसी घटनाओं को प्लानिंग के साथ अंजाम दिया।
उन्होंने कहा कि रैली कि जरिए हमने हर गांव को टच किया और कई जगह हम जा भी रहे हैं। हम हर घर में जाएंगे, जिसकी जो इच्छा हो वो राशि दे सकता है। इसके लिए जबरदस्ती नहीं है।